15 कर्मचारियों को दी गई भावभीनी विदाई,डीआरएम कमल कुमार तलरेजा ने सौंपे सेवानिवृत्ति दस्तावेज
जबलपुर । पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर रेल मंडल में फरवरी 2026 माह में अपनी सेवाएं पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने वाले 15 रेल कर्मचारियों के लिए शुक्रवार को एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में डीआरएम कमल कुमार तलरेजा ने सभी सेवानिवृत्त हो रहे कर्मचारियों को रेल सेवा से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज प्रदान किए और उनके योगदान की सराहना की। इस अवसर पर रेल प्रशासन द्वारा सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों में राकेश कुमार, बृजभूषण सिंह ठाकुर, राधेश्याम सिंह, अजय कुमार और रामजी राम सहित अन्य सभी रेलकर्मियों को उनकी लंबी रेल सेवा के उपरांत भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं। उल्लेखनीय है कि रेल प्रशासन द्वारा इन सभी कर्मचारियों के सेवानिवृत्ति लाभों का भुगतान एनईएफटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में कर दिया गया है। कार्यक्रम के दौरान मंडल कार्मिक अधिकारी वरुण चतुर्वेदी, सहायक कार्मिक अधिकारी (कल्याण) शची पति नंदन और सहायक मंडल वित्त प्रबंधक केपी सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में कार्मिक एवं लेखा विभाग के समस्त अधिकारी-कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।
