khabar abhi tak

जबलपुर : महिला बुकिंग क्लर्क ने रेल यात्रियों से अधिक रुपये वसूले, डिप्टी एसएस से शिकायत, विजिलेंस ने की कार्रवाई

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के मुख्यालय के जबलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 की ओर पदस्थ एक महिला बुकिंग क्लर्क के कारनामे सुनकर डिप्टी एसएस तो हैरान हुए ही, साथ ही यात्रियों द्वारा की जा रही शिकायत को वहां बैठे एक विजिलेंस इंस्पेक्टर ने भी सुना तो तुरंत कार्रवाई की गई. महिला लिपिक के पास से 980 रुपए अधिक मिले। जिससे हड़कम्प की स्थिति बनी रही.

घटना के संबंध में बताया जाता है कि गत मंगलवार 17 फरवरी की रात को डिप्टी एसएस कामर्शियल के पास एक यात्री पहुंचा, उसने शिकायत की कि प्लेटफार्म नंबर 1 की ओर बने काउंटर पर एक महिला कर्मचारी ने उससे टिकट के 300 रुपए से अधिक वसूले, जिस पर डिप्टी एसएस ने तत्काल फोन करके महिला कर्मचारी को समझाइस देकर यात्री की समस्या का निदान करने कहा, जैसे ही वह यात्री वहां से गया, तभी दो अन्य यात्री डिप्टी एसएस के पास पहुंचे और उसने भी यही शिकायत दोहराई कि महिला क्लर्क ने उनसे भी टिकट के निर्धारित दर से अधिक राशि वसूली और वापस लौटाने का कहने पर अभद्रता कर रही हैं।

डिप्टी एसएस के पास विजिलेंस निरीक्षक बैठे थे

सूत्रों के मुताबिक जब यात्री महिला क्लर्क के कारनामो की शिकायत डिप्टी एसएस (कॉमर्शियल) से कर रहे थे, उस दौरान वहां पर पमरे के एक विजिलेंस निरीक्षक भी मौजूद रहे. जिन्होंने शिकायत को गंभीरता से लिया और तुरंत ही संबंधित बुकिंग काउंटर पर पहुंचे और महिला क्लर्क की जांच शुरू की। बताया जाता है कि महिला लिपिक के पास से 980 रुपये अधिक मिले हैं. महिला कर्मचारी उक्त अतिरिक्त राशि का कोई हिसाब नहीं दे पाईं. महिला कर्मचारी के खिलाफ केस बनाया गया है.

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak