khabar abhi tak

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना : 800 तीर्थयात्रियों के लेकर भारत गौरव स्पेशल ट्रेन जबलपुर से रवाना (देखेें वीडियो)

जबलपुर। मध्य प्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी एवं जनकल्याणकारी योजना मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत आज गुरूवार 19 फरवरी को एमएमटीडीवाई-21 गाड़ी (भारत गौरव स्पेशल ट्रेन संख्या 00131) को जबलपुर रेल मंडल के जबलपुर रेलवे स्टेशन से विधिवत रूप से रवाना किया गया। यह विशेष तीर्थ यात्रा ट्रेन वरिष्ठ नागरिकों को रामेश्वरम–मदुरै की 6 रात्रि एवं 7 दिवसीय पावन तीर्थ यात्रा पर लेकर प्रस्थान हुई।

इस विशेष ट्रेन का प्रस्थान दोपहर 2:25 बजे जबलपुर स्टेशन से हुआ। इस यात्रा में — जबलपुर से 290 यात्री, नैनपुर से 255 यात्री तथा बालाघाट से 255 यात्री सवार हुए। इस प्रकार कुल 800 यात्री इस पावन तीर्थ यात्रा में सम्मिलित हुए।

प्रस्थान अवसर पर राज्यसभा की माननीया सांसद श्रीमती सुमित्रा बाल्मीक विशेष रूप से उपस्थित रहीं। सभी यात्रियों का पारंपरिक स्वागत तिलक, तुलसी माला, पुष्पवर्षा, नाश्ता वितरण, ढोल-नगाड़ों की थाप एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ गरिमामय वातावरण में किया गया।


तीर्थ योजना एमपी सरकार की अभिनव योजना : सांसद

इस अवसर पर राज्यसभा की माननीया सांसद श्रीमती सुमित्रा बाल्मीक ने कहा कि, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना मध्य प्रदेश सरकार की एक अत्यंत सराहनीय एवं मानवीय पहल है। यह हमारे गरीब, ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक बड़ा सहारा बनी है, जो आर्थिक अभाव के कारण तीर्थ यात्रा से वंचित रह जाते थे। आज जबलपुर एवं पूरे महाकौशल अंचल से लगभग 800 श्रद्धालु इस पावन यात्रा पर जा रहे हैं, यह अत्यंत सुखद एवं गौरव का विषय है। यह राज्य सरकार एवं केंद्र सरकार दोनों का संयुक्त प्रयास है, जिसके माध्यम से आम नागरिकों को सम्मानपूर्वक तीर्थ यात्रा का अवसर प्राप्त हो रहा है। मैं सभी तीर्थ यात्रियों को इस पवित्र यात्रा हेतु हार्दिक शुभकामनाएं एवं मंगलकामनाएं देती हूं।

इस अवसर पर जिला प्रशासन से डिप्टी कलेक्टर सुश्री ज्योति परस्ते, तहसीलदार सुश्री नीलू बागरी, अतिरिक्त तहसीलदार रांझी श्री भीमसेन पटेल तथा रेल प्रशासन से वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री शशांक गुप्ता, स्टेशन प्रबंधक (वाणिज्य) श्री संजय जयसवाल सहित जिला प्रशासन, रेल प्रशासन एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना मध्य प्रदेश शासन की एक राज्य प्रायोजित योजना है, जिसके अंतर्गत प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की नि:शुल्क तीर्थ यात्रा रेल एवं हवाई मार्ग से कराई जाती है। इस योजना का शुभारंभ 13 अगस्त 2025 को माननीय मुख्यमंत्री द्वारा ऑनलाइन माध्यम से किया गया था।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak