
तनु का जीवित अवस्था का चित्र
वैलेंटाइन डे पर प्रेमी ने ही रची थी प्रेमिका की हत्या की साजिश, पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा
जबलपुर। संस्कारधानी के पाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमरिया गांव में वैलेंटाइन डे के दिन हुई युवती की अंधी हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। जिसे युवती अपना प्रेमी समझकर सात जन्मों का साथ निभाने के सपने देख रही थी, उसी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर उसकी जीवनलीला समाप्त कर दी। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी योगेश उर्फ ईशु और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रेस कांफ्रेंस में एसपी सम्पत उपाध्याय ने मामले की जानकारी दी।
शादी के विवाद में खूनी खेल
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका तनु चक्रवर्ती, मुख्य आरोपी योगेश उर्फ ईशु पर लंबे समय से शादी करने का दबाव बना रही थी। योगेश उससे पीछा छुड़ाना चाहता था और इसी मंशा से उसने हत्या की खौफनाक साजिश रची। 14 फरवरी को जब पूरी दुनिया प्रेम का उत्सव मना रही थी, तनु अपने घर से किसी शादी समारोह में जाने का बहाना बनाकर निकली थी। वहां से योगेश उसे अपने तीन दोस्तों,पंकज बर्मन, राजा उर्फ अंकित श्रीवास और एक अन्य साथी के साथ सिमरिया गांव के पास ले गया।
AI तकनीक से हुई शिनाख्त: ऐसे बेनकाब हुए हत्यारे
घटनास्थल पर शादी की बात को लेकर तनु और योगेश के बीच फिर से विवाद शुरू हुआ। तैश में आकर योगेश ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले तनु का गला दबाया और जब वह बेसुध हो गई, तो साक्ष्य मिटाने और पहचान छुपाने की नीयत से भारी पत्थर से उसका चेहरा कुचलकर उसे मौत के घाट उतार दिया। शव मिलने के बाद पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतका की पहचान करना थी। चेहरा बुरी तरह कुचला होने के कारण पहचान संभव नहीं थी, जिसके लिए पुलिस ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जेनरेटेड फोटो जारी की। इस तकनीक की मदद से मृतका की शिनाख्त तनु चक्रवर्ती के रूप में हुई। इसके बाद कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस मुख्य आरोपी योगेश तक पहुंची। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित उसके दो साथियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि एक अन्य की तलाश जारी है।