जबलपुर। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर शहर (जिला) कांग्रेस कमेटी जबलपुर द्वारा आज केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ मोर्चा खोला जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा शहर के विभिन्न ब्लॉकों में पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया जाएगा। इस प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य भारत-अमेरिका ट्रेड डील और मनरेगा में किए जा रहे बदलावों का विरोध करना है, जिसे कांग्रेस ने मजदूरों के कानूनी अधिकारों पर प्रहार बताया है। इसके साथ ही, मध्य प्रदेश सरकार के तीन मंत्रियों के इस्तीफे की मांग और कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा नेता प्रतिपक्ष पर की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर भी कांग्रेस में भारी आक्रोश है।
विभिन्न क्षेत्रों में पुतला दहन का समय और निर्धारित स्थान
जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 3 बजे दमोहनाका चौक पर मौलाना अबुल कलाम आजाद ब्लॉक और दशमेश द्वार पर इंदिरा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, मदन महल एवं शंकर शाह ब्लॉक द्वारा पुतला दहन किया जाएगा। शाम 4 बजे दीनदयाल चुंगी नाका पर कमला नेहरू ब्लॉक का कार्यक्रम होगा। शाम 5 बजे रानीताल चौक पर कस्तूरबा गांधी ब्लॉक, अधारताल चौक पर गोकलपुर ब्लॉक और दशमेश द्वार पर कैंट ब्लॉक के कार्यकर्ता प्रदर्शन करेंगे। वहीं, शाम 5:30 बजे रसल चौक पर मोतीलाल नेहरू, राधाकृष्ण एवं जाकिर हुसैन ब्लॉक और दर्शन तिराहा पर रांझी-खमरिया ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा पुतला दहन कर विरोध जताया जाएगा।
