khabar abhi tak

सीबीआई ने रेलवे के डीईई टीआरडी सहित दो अफसरों को चित्रकूट से पकड़ा, यह है मामला

चित्रकूट। रेलवे की ओवरहेड लाइन (ओएचई) दुरुस्त करने पहुंचे दो अधिकारियों को सीबीआई ने शुक्रवार की तड़के मध्य प्रदेश के सतना जिले के चित्रकूट से पकड़ा है. बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई रेलवे के टीआरडी विभाग में संविदा भर्ती के नाम पर चल रहे कथित रिश्वतखोरी के रैकेट की जांच के सिलसिले में की गई है। दोनों को टीम पूछताछ के लिए लखनऊ ले गई है।

जानकारी के अनुसार, खोह रेलवे स्टेशन की शंटिंग लाइन में ओएचई तार ढीला होने की सूचना पर उरई स्थित रेलवे कार्यालय से डीईई टीआरडी शांतनु यादव और टेक्नीशियन प्रकाश कुशवाहा निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। दोनों ने गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे से अपराह्न दो बजे तक लाइन दुरुस्त करने का कार्य किया। इसके बाद वे चित्रकूट घूमने को रवाना हो गए और रात में एक होटल में ठहरे थे। इसी दौरान सीबीआई लखनऊ की टीम को उनकी लोकेशन मिली। 

सीबीआई इंस्पेक्टर देवेश के नेतृत्व में टीम ने आज 20 फरवरी की शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे चित्रकूट के सिविल इलाके में दबिश देकर दोनों को हिरासत में ले लिया। दोनों को पूछताछ के लिए अपने साथ ले जाया गया। बताया जाता है कि इसी मामले में एसएसई टीआरडी बीएस पाल को उरई से गिरफ्तार किया गया है। सीबीआई की इस कार्रवाई से रेलवे महकमे में खलबली मच गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak