ट्रेन में चोरी:गोटेगांव के पास सोते रहे यात्री, 7 लाख रुपयों से भरा बैग पार


जबलपुर।
 भुसावल-कटनी पैसेंजर ट्रेन में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। ट्रेन के कोच नंबर एस-3 में सफर कर रहे जबलपुर निवासी एक युवक का 7 लाख रुपयों से भरा बैग अज्ञात चोरों ने पार कर दिया। घटना उस वक्त हुई जब यात्री गहरी नींद में थे।​जानकारी के अनुसार, जबलपुर निवासी तरुण सतनामी अपने एक साथी के साथ वसूली कर लौट रहे थे। वे ट्रेन की बर्थ नंबर 42-43 पर यात्रा कर रहे थे। सुरक्षा के लिहाज से उन्होंने रुपयों से भरा बैग अपनी सीट के पास ही रखा था। बताया जा रहा है कि जब ट्रेन गोटेगांव स्टेशन के पास पहुंची और पीड़ित की नींद खुली, तो उनके पास से बैग गायब था। पीड़ित तरुण ने तुरंत इसकी सूचना जीआरपी को दी। बैग में करीब 7 लाख रुपये नकद होने की बात कही गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।

सीसीटीवी खंगाल रही जीआरपी

जीआरपी ने घटनास्थल का मुआयना कर सह-यात्रियों से पूछताछ की है। अंदेशा जताया जा रहा है कि शातिर चोरों ने गोटेगांव के आसपास यात्रियों की नींद का फायदा उठाकर बैग उड़ाया और मौके से फरार हो गए। पुलिस अब विभिन्न स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। जीआरपी का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post