khabar abhi tak

जबलपुर: 6 दिन से लापता किसान का शव डैम में मिला,कंबल में लपेटकर और तार से बांधकर फेंकी गई लाश


जबलपुर
। कुंडम थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खोरा से 30 जनवरी से लापता किसान कपिल टैंभारे का शव बुधवार सुबह बदुआ डैम में बरामद किया गया। किसान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कंबल में लिपटा हुआ और जीआई  तार से बंधा मिला है। शव की हालत देखते हुए पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला माना है।परिजनों के अनुसार, 30 जनवरी की दोपहर कपिल खेत में फसल पर दवा डालने की बात कहकर घर से निकला था। जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा, तो ग्रामीणों और परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर कुंडम थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।

​ग्रामीणों की सूचना पर चला रेस्क्यू ऑपरेशन, जांच में जुटी पुलिस

​मंगलवार शाम बदुआ डैम के पास ग्रामीणों ने पानी में एक शव उतराते हुए देखा था। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। अंधेरा होने के कारण मंगलवार को शव नहीं निकाला जा सका, जिसके बाद बुधवार सुबह गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए कुंडम स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है। डीएसपी आकांक्षा उपाध्याय ने बताया कि शव को जिस तरह से तार से बांधकर फेंका गया है, उससे हत्या की पूरी आशंका है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak