जबलपुर. पश्चिम मध्य रेल में जबलपुर, भोपाल एवं कोटा तीनों मण्डलों के माल यातायात में निरंतर वृद्धि हो रही है। महाप्रबंधक के मार्गदर्शन में बेहतर प्रदर्शन करते हुए पश्चिम मध्य रेल ने माह जनवरी 2026 में 618 करोड़ 06 लाख रुपये माल यातायात से ऑरिजनेटिंग राजस्व अर्जित किया, जो पिछले वर्ष की इसी माह में 454 करोड़ 67 लाख रुपये की तुलना में लगभग 36 प्रतिशत अधिक है तथा रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित लक्ष्य 393 करोड़ 20 लाख रुपये ऑरिजनेटिंग रेवन्यू से लगभग 57 प्रतिशत अधिक है।
इसी प्रकार माल यातायात से माह जनवरी 2026 में मण्डल वाइस बात करे तो जबलपुर मण्डल ने रुपये 422 करोड़ 06 लाख, भोपाल मण्डल ने 120 करोड़ 71 लाख एवं कोटा मण्डल ने रुपये 75 करोड़ 29 लाख का कुल ऑरिजिनेटिंग रेवेन्यू अर्जित किया है।
माल यातायात के लिए ये प्रयास किये जा रहे
- मालगाडिय़ों की औसत गति में वृद्धि करके अलग-अलग रेल खण्ड की क्षमता में वृद्धि और इन्फ्रास्ट्रक्चर को भी बढ़ाया। साथ ही साथ ऑपरेशनल सुधार भी किए गए।
- गतिशक्ति कार्गो टर्मिनल/ साइडिंग को बढ़ाने का निरंतर प्रयास किये जा रहे है।
- गुड्स टर्मिनल की वर्किंग में सुधार एवं मालगाडिय़ों के डिटेंशन को कम किया गया। इससे मालगाडिय़ों के संचालन में तेजी आई और माल ढुलाई में वृद्धि हुई।
- माल गोदामों में राउण्ड द क्लॉक यानि चौबीस घंटे लोडिंग एवं अनलोडिंग सेवाएँ शुरू की गईं ।
- नए माल गोदामों को विकसित करके उन्नयन कार्य किया जा रहा है।
- नई रेल लाइन/दोहरीकरण/तिहरीकरण जैसे अधोसरंचना कार्यों में गति प्रदान की जा रही है।
