khabar abhi tak

एमपी : डकैतों का 5 घरों पर हमला, लोगों को बंधक बनाकर लाखों की लूट, इलाके में दहशत, पुलिस ने की घेराबंदी

छिंदवाड़ा. मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के पांढुरना नगर में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए डकैतों के एक गिरोह ने भारी आतंक मचाया है। शनिवार और रविवार की दरमियानी रात नकाबपोश बदमाशों ने नगर की दो प्रमुख कॉलोनियों में एक साथ पांच घरों को निशाना बनाया।

हथियारों से लैस बदमाशों ने परिजनों को डरा-धमकाकर बंधक बना लिया और लाखों के सोने-चांदी के जेवरात सहित नकदी बटोर ले गए। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से समूचे क्षेत्र में डर का माहौल व्याप्त है।

आधी रात को डकैतों ने किया हमला

नगर के रिहायशी इलाकों में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे से 2:45 बजे के बीच एक दर्जन से अधिक नकाबपोश डकैत नगर में दाखिल हुए और सिलसिलेवार तरीके से पांच घरों में धावा बोल दिया। डकैतों ने नगर के सांई धाम कॉलोनी और संतोषी माता वार्ड को अपना निशाना बनाया। हमलावर धारदार हथियारों और लोहे की रॉड से लैस थे। उन्होंने घरों में घुसते ही सो रहे लोगों को हथियारों के दम पर बंधक बना लिया, जिससे कोई शोर न मचा सके। बदमाशों ने कंचन (पति सुनील कौशिक), सुनील (पिता नेमालाल यदुवंशी), अमित (पिता शिवलाल डोंगरे) और संदीप नरोलिया के घरों में जमकर उत्पात मचाया। डकैत घरों से सोने-चांदी के आभूषण, कीमती बर्तन और बड़ी मात्रा में नगद राशि लूटकर फरार हो गए।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

घटना के करीब आधे घंटे बाद जब पीडि़त परिवार सदमे से बाहर आए, तब पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही आला अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और क्षेत्र की घेराबंदी की। हालांकि, तब तक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। पुलिस अब क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak