एमपी के 25 गांवों की हाथियों ने कराई बिजली गुल, अंधेरे में ग्रामीण गुजारेंगे रात

सीधी. मध्य प्रदेश के सीधी जिले के 25 गांवों में दो दिनों तक अंधेरा छाया रहेगा. इसकी सबसे बड़ी वजह हाथी हैं. हाथियों की मौजूदगी ने प्रशासन और वन अमले की चिंता बढ़ाकर रख दी है. सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए अधिकारियों ने 25 गांवों में अगले दो दिनों तक एहतियातन रात में बिजली आपूर्ति बंद रखने का निर्णय लिया है. जहां 22 फरवरी रविवार को हाथियों के मूवमेंट की पुष्टि होने के बाद यह कदम उठाया गया, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि या दुर्घटना से बचा जा सके.

ग्रामीणों को अंधेरा रखने की अपील

वही वन विभाग के एसडीओ बादशाह रावत ने बताया कि हाथियों की गतिविधियों पर लगातार सतत निगरानी रखी जा रही है. वहीं लगभग 35 कर्मचारियों की टीम प्रभावित और आसपास के क्षेत्रों में तैनात है, जो हालात पर पैनी नजर बनाए हुए हैं. जहां उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, घरों की बिजली स्वेच्छा से बंद रखें और रात में केवल मोमबत्ती या सुरक्षित वैकल्पिक प्रकाश का उपयोग करें. जिससे हाथियों को आकर्षित करने वाली तेज रोशनी से बचा जा सके.

पानी की व्यवस्था रखने की अपील

वहीं इस मामले में वन रक्षक पंकज मिश्रा ने भी गांव-गांव सूचना पहुंचाने की पहल करते हुए ग्रामीणों से पानी की पर्याप्त व्यवस्था रखने और आपसी समन्वय के साथ सूचना साझा करने का आग्रह किया है, क्योंकि परिस्थितियों के अनुसार कभी भी बिजली बंद करवाई जा सकती है. वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह कदम केवल सुरक्षा के उद्देश्य से उठाया गया है. हाथियों के विचरण वाले क्षेत्रों में तेज रोशनी, शोर-शराबा और अनावश्यक भीड़ से बचने की सलाह दी गई है. साथ ही, यदि किसी भी स्थान पर हाथी दिखाई दें, तो तत्काल वन विभाग को सूचित करने की अपील की गई है.

Post a Comment

Previous Post Next Post