जबलपुर। शहर की हनुमानताल पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए राह भटकी एक 5 वर्षीय मासूम बच्ची को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस मानवीय पहल की स्थानीय लोगों ने काफी सराहना की है। थाना प्रभारी हनुमानताल, सुभाष चंद बघेल ने बताया कि शुक्रवार, 13 फरवरी 2026 को सूचना मिली कि चौकी प्रेमसागर के पास स्थित दुर्गा मंदिर के पास एक 4-5 साल की बच्ची अकेली खड़ी रो रही है। सूचना मिलते ही प्रेमसागर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक महेन्द्र बेन अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुँचे। बच्ची काफी डरी हुई थी। प्यार से पूछने पर उसने अपना नाम दीपाली और माता-पिता का नाम रानी व मनीष बताया, लेकिन वह अपने घर का पता बताने में असमर्थ थी।
पुलिस ने बिछुडों कैसे ढूंढा
मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कंट्रोल रूम जबलपुर को सूचित किया गया, जहाँ से वायरलेस के माध्यम से पूरे जिले के थानों को अलर्ट भेजा गया। इस बीच उप निरीक्षक महेन्द्र बेन और आरक्षक मस्तराम मरावी बच्ची को साथ लेकर आसपास के इलाकों में घर की तलाश करने निकले। सघन पतासाजी के दौरान भानतलैया क्षेत्र में एक महिला बदहवास हालत में मिली, जिसने अपना नाम रानी बंसल बताया। उसने बच्ची को देखते ही पहचान लिया और बताया कि दीपाली उसकी बेटी है। महिला ने बताया कि वे मूलतः ग्राम मंगवा (थाना मनगांव, जिला रीवा) के निवासी हैं और वर्तमान में भानतलैया में एक रिश्तेदार के यहाँ आए हुए हैं। करीब दो घंटे पहले खेलते-खेलते बच्ची लापता हो गई थी, जिसकी वे तलाश कर रहे थे। पुलिस ने उचित तस्दीक के बाद मासूम दीपाली को उसकी माँ के सुपुर्द कर दिया और उन्हें हिदायत दी कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में बच्चों का विशेष ध्यान रखें। इस पुनीत कार्य में उप निरीक्षक महेन्द्र बेन और आरक्षक मस्तराम मरावी की मुख्य भूमिका रही।
