मदरसा जाने निकले बालक की लाश पानी की टंकी में मिली, 5वीं कक्षा में अध्ययनरत रहा

छिंदवाड़ा। एमपी के छिंदवाड़ा स्थित अमरवाड़ा में आज उस वक्त सनसनी फैल गई, जब शेख कासिम नामक बालक की लाश पानी की टंकी में उतराते देखी गई।   कासिम की लाश मिलने की खबर क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते कई लोग एकत्र हो गए। जिनकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से लाश को निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर मर्ग कायम कर लिया है। 

                              पुलिस के अनुसार अमरवाड़ा के वार्ड नम्बर 15 में रहने वाला शेख कासिम पिता शेख कलीम उम्र 10 वर्ष बेसिक स्कूल अमरवाड़ा में कक्षा 5वीं का छात्र था। बीती सुबह करीब 7 बजे वह अपनी 13 वर्षीय बहन के साथ साइकिल से मदरसा जाने के लिए घर से निकला था। रास्ते में कासिम स्टेडियम ग्राउंड अमरवाड़ा में उतर गया और बहन से कहा कि वह मदरसा से लौटते समय उसे साथ ले जाए। इसके बाद बहन मदरसा चली गई। सुबह दस बजे के लगभग बहन स्टेडियम ग्राउंड पहुंची तो कासिम वहां नहीं मिला। बहन ने घर जाकर पूरी बात परिवारजनों को बताई। इसके बाद बच्चे के परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। मामले की सूचना पुलिस को दी गई थी। आज सुबह पुरानी मंडी के पीछे निर्माणाधीन एक मकान के टंकी में कासिम की लाश उतराते देखी गई। लाश मिलने की खबर पाते ही परिजनों सहित अन्य रिश्तेदार पहुंच गए। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल नगर में इस घटना से शोक का माहौल है।


Post a Comment

Previous Post Next Post