जबलपुर। नगर निगम द्वारा शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और नागरिकों की सुविधाओं में विस्तार के उद्देश्य से महापौर जगत बहादुर सिंह 'अन्नू' के नेतृत्व में आज उत्तर मध्य विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 4 प्रमुख वार्डों,महात्मा गांधी, स्वामी दयानंद सरस्वती, पं. भवानी प्रसाद तिवारी और सुभद्रा कुमारी चौहान वार्ड में कुल 2 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। महापौर श्री अन्नू और क्षेत्रीय विधायक डॉ. अभिलाष पाण्डेय ने कन्या पूजन कर इन परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इस अवसर पर महापौर ने कहा कि शहरवासियों की सेवा ही उनका मुख्य संकल्प है और इन कार्यों से जबलपुर महानगर बनने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाएगा।
बुनियादी ढांचे में होगा व्यापक सुधार
इन विकास कार्यों के अंतर्गत क्षेत्र की जनता को उच्च गुणवत्ता वाली डामरीकृत सड़कें, आधुनिक नाला-नालियां और पेवर ब्लॉक की सौगात मिलेगी। वायु गुणवत्ता में सुधार लाने के उद्देश्य से सड़कों के किनारे पेवर ब्लॉक लगाए जा रहे हैं, जिससे धूल का प्रदूषण कम होगा। विधायक डॉ. पाण्डेय ने कहा कि नगर निगम द्वारा किए जा रहे ये कार्य जनोपयोगी हैं और आने वाले समय में इनका सीधा लाभ क्षेत्र की जनता मिलेगा। इससे न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि जल निकासी की समस्या से भी निजात मिलेगी।
इन प्रमुख क्षेत्रों में शुरू हुए कार्य
कमला नेहरू नगर (यादव कॉलोनी) में कवर्ड नाली निर्माण, महात्मा गांधी वार्ड में बल्देवबाग की ओर नाला व पुलिया निर्माण, और स्वामी दयानंद सरस्वती वार्ड में पेवर ब्लॉक लगाने का कार्य प्रारंभ किया गया है। इसके अलावा, गोल बाजार स्थित नेशनल अस्पताल से दत्त मंदिर तक नई सड़क और नाली निर्माण के साथ-साथ सुभद्रा कुमारी चौहान वार्ड में चमन अपार्टमेंट तक विभिन्न सौंदर्यीकरण और निर्माण कार्य किए जाएंगे। कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, एमआईसी सदस्य राम सोनकर, डॉ. सुभाष तिवारी, श्रीमती रजनी कैलाश साहू सहित क्षेत्रीय पार्षद और भारी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
