भोपाल. मध्य प्रदेश में एक बार फिर सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के असर से राज्य का मौसम बदलने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाली 18 और 19 फरवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, आगामी कुछ दिनों में दिन और रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। फिलहाल, सूबे में गुलाबी ठंड का अहसास हो रहा है। ज्यादातर शहरों में रात का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ऊपर है। मौजूदा समय में सिर्फ तड़के और रात के समय हल्की ठंड महसूस हो रही है, जबकि कई क्षेत्रों में दिन में तीखी धूप का असर है, जो आगे भी लगातार बढऩे की संभावना है।
इन जिलों में बारिश की संभावना
बारिश का असर मुख्य रूप से राज्य के उत्तरी हिस्से यानी ग्वालियर-चंबल और सागर संभाग में दिखेगा। इनमें शामिल प्रमुख जिलों में ग्वालियर, श्योपुर, टीकमगढ़, छतरपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी शामिल हैं। इन जिलों में 18 और 19 फरवरी को हल्की से मध्यम बौछारें पडऩे की संभावना है। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश भी हो सकती है। हालांकि, इन दिनों में प्रदेश के लगभग सभी जिलों में बादल छाए रहने के साथ सुहावना मौसम बना रहने की संभावना है।
जबलपुर, भोपाल, इंदौर में ऐसा रहेगा मौसम
प्रदेश के जबलपुर, भोपाल, इंदौर, उज्जैन समेत मध्य और दक्षिणी हिस्सों में बारिश की संभावना कम है। यहां मुख्य रूप से बादल छाए रह सकते हैं. तापमान में हल्की बढ़ोतरी से ठंड से राहत मिलेगी, लेकिन सुबह-शाम की सर्दी बनी रहेगी।
