जबलपुर: शादी के 15 दिन बाद ही नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, दहेज हत्या का आरोप लगा एसपी ऑफिस पहुंचा साहू समाज
जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। मृतका पूजा साहू की मौत को लेकर उनके मायके पक्ष और साहू समाज ने ससुराल पक्ष पर हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस घटना से आक्रोशित साहू समाज के सैकड़ों लोग आज एकजुट होकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई। परिजनों का आरोप है कि पूजा को दहेज की वेदी पर चढ़ा दिया गया है। एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने कार्रवाई का आश्वासन दिया।
उज्जैन यात्रा के दौरान बिगड़ी तबीयत, रास्ते में तोड़ा दम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका पूजा साहू की शादी कुछ समय पहले ही निखिल साहू के साथ हुई थी। हाल ही में पूजा अपने पति निखिल और ससुराल के अन्य सदस्यों के साथ धार्मिक यात्रा पर उज्जैन गई थी। परिजनों को अचानक फोन पर सूचना दी गई कि उज्जैन में पूजा की तबीयत अचानक बहुत ज्यादा बिगड़ गई है। इसके बाद ससुराल पक्ष उसे लेकर जबलपुर के लिए रवाना हुआ, लेकिन दमोह जिले के तेंदूखेड़ा के पास पूजा की मौत हो गई। इस अचानक हुई मौत ने मायके पक्ष के मन में गहरे संदेह पैदा कर दिए हैं।
10 लाख की मांग और मौत से पहले के वीडियो
मृतका के परिजनों ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद से ही पूजा को 10 लाख रुपये नगद दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। ससुराल पक्ष लगातार पैसों की डिमांड कर रहा था और मांग पूरी न होने पर पूजा के साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था। परिजनों का यह भी दावा है कि पूजा ने अपनी मौत से ठीक पहले कुछ वीडियो मोबाइल फोन के माध्यम से उन्हें भेजे थे, जिनमें उसने अपनी व्यथा और ससुराल वालों के बर्ताव का जिक्र किया था। इन वीडियो को अब पुलिस को साक्ष्य के रूप में सौंपने की प्रक्रिया चल रही है, जिससे मौत की गुत्थी सुलझ सके।
साहू समाज ने घेरा एसपी कार्यालय,मांगा इंसाफ
इस घटना से पूरे साहू समाज में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। आज बड़ी संख्या में समाज के लोग और मृतका के रिश्तेदार पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने नारेबाजी करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही और तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि यह एक सुनियोजित हत्या है जिसे बीमारी का रूप देने की कोशिश की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
