जबलपुर: मदनमहल स्टेशन के स्टैंड संचालक पर जानलेवा हमला, CCTV के आधार पर दो आरोपी गिरफ्तार


जबलपुर।
शहर के मदनमहल थाना क्षेत्र में देर रात बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आए। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-4 स्थित पार्किंग स्टैंड में घुसकर बदमाशों ने स्टैंड संचालक शक्ति सोनकर पर प्राणघातक हमला कर दिया। इस हमले में संचालक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों और प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात कुछ असमाजिक तत्व अचानक पार्किंग स्टैंड के भीतर दाखिल हुए। उन्होंने बिना किसी विवाद या बातचीत के सीधे संचालक शक्ति सोनकर पर हमला बोल दिया। बदमाशों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वे जमीन पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

CCTV फुटेज से खुला राज, दो हिरासत में

​यह पूरी वारदात स्टैंड में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। वीडियो में बदमाश साफ तौर पर मारपीट करते नजर आ रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही मदनमहल थाना पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की शिनाख्त शुरू की।  घायल शक्ति सोनकर को तुरंत नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि हमले के पीछे की असल वजह का पता लगाया जा सके।

अन्य आरोपियों की तलाश तेज

​मदनमहल पुलिस के अनुसार, इस मामले में कुछ अन्य आरोपी भी शामिल हैं जिनकी तलाश के लिए टीमें रवाना की गई हैं। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही सभी हमलावर सलाखों के पीछे होंगे। रेलवे स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post