khabar abhi tak

नरसिंहपुर के ट्रैक्टर से जबलपुर में खपाने लाई जा रही थी धान,एफआईआर


अवैध धान परिवहन करते ट्रैक्टर-ट्रालियां और दो पिकअप वाहन जब्त

जबलपुर। जिले में धान उपार्जन प्रक्रिया में अनियमितताओं को रोकने और बिचौलियों के दखल को समाप्त करने के लिए कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर सख्त कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार की देर रात खाद्य विभाग की टीम ने आकस्मिक निरीक्षण के दौरान दो अलग-अलग मामलों में धान का अवैध परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और दो पिकअप वाहनों को जब्त किया है। कलेक्टर कार्यालय की खाद्य शाखा के अनुसार, जिला आपूर्ति नियंत्रक प्रमोद कुमार मिश्र एवं कनिष्ठ आपूर्ति नियंत्रक कुंजन सिंह राजपूत ने अंध मूक बायपास के पास एक बिना नंबर वाले लाल रंग के महिंद्रा ट्रैक्टर को रोका। इस ट्रैक्टर में दो ट्रालियां जुड़ी थीं, जिनमें 380 बोरियों में लगभग 150 क्विंटल धान लोड थी। पूछताछ में ट्रैक्टर चालक दुर्गेश दुबे ने बताया कि धान को सहजपुर खरीदी केंद्र ले जाया जा रहा था।

किसी और के स्लॉट में बेचने की योजना

​जांच में सामने आया कि ट्रैक्टर मालिक दीवान सिंह पटेल नरसिंहपुर जिले का निवासी है, जबकि धान जबलपुर के ग्राम बहरिया में कपिल पटेल के घर से लोड की गई थी। इस धान को शहपुरा तहसील के ग्राम नीची के किसान राहुल पटेल के नाम पर बुक किए गए स्लॉट पर बेचने की योजना थी। अवैध परिवहन और उपार्जन व्यवस्था का अनुचित लाभ उठाने के संदेह में ट्रैक्टर-ट्रालियों को जब्त कर गढ़ा थाने की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। मामले में ट्रैक्टर मालिक दीवान सिंह पटेल, चालक दुर्गेश दुबे एवं कपिल पटेल के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। एक अन्य कार्यवाही में पाटन चौराहे के समीप सूचना मिलने पर दो पिकअप वाहनों को धान का अवैध परिवहन करते पकड़ा गया। इन वाहनों को पाटन थाने की सुपुर्दगी में दिया गया है। इसके अलावा गोसलपुर के पास तीन ट्रकों की भी जांच की गई, लेकिन दस्तावेज सही पाए जाने पर उन्हें छोड़ दिया गया। प्रशासन की इस सख्ती से बिचौलियों में हड़कंप मचा हुआ है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak