एमपी ट्रांसको: प्रबंध संचालक सुनील तिवारी का कार्यकाल बढ़ा, राज्य शासन ने जारी किया आदेश


नियमित चयन होने तक संभालेंगे जिम्मेदारी, ऊर्जा विभाग ने जारी किए निर्देश

जबलपुर। मध्यप्रदेश शासन ने बिजली कंपनी के प्रशासनिक ढांचे में स्थिरता बनाए रखने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। राज्य शासन ने एमपी पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के मौजूदा प्रबंध संचालक (एमडी) इंजीनियर सुनील तिवारी के कार्यकाल में वृद्धि कर दी है। ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई द्वारा इस संबंध में विधिवत आदेश जारी कर दिए गए हैं। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सुनील तिवारी का कार्यकाल आगामी छह माह के लिए बढ़ाया गया है। आदेश में स्पष्ट प्रावधान किया गया है कि यह कार्यकाल वृद्धि आगामी छह महीने की अवधि के लिए अथवा चयन समिति के माध्यम से पद पर नियमित चयन होने तक (इनमें से जो भी पहले हो) प्रभावी रहेगी। गौरतलब है कि बिजली कंपनियों का मुख्यालय जबलपुर में स्थित है। शासन के इस निर्णय से कंपनी के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स और प्रशासनिक कामकाज में निरंतरता बनी रहेगी। कार्यकाल बढ़ने से विभाग में चल रही अटकलों पर भी विराम लग गया है।

 उपलब्धियों भरा रहा एमडी सुनील तिवारी का कार्यकाल

​ प्रबंध संचालक इंजीनियर सुनील तिवारी के कार्यकाल में वृद्धि को उनकी बेहतरीन कार्यशैली का परिणाम माना जा रहा है। उनके नेतृत्व में कंपनी ने पारेषण नेटवर्क को सुदृढ़ करने और तकनीकी उन्नयन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। बिजली आपूर्ति की विश्वसनीयता बनाए रखने और प्रशासनिक दक्षता के चलते शासन ने उन पर पुनः भरोसा जताया है। ऊर्जा विभाग का मानना है कि श्री तिवारी के अनुभव का लाभ कंपनी को आगामी 6 माह तक और मिलने से, चल रही महत्वपूर्ण परियोजनाओं को समय पर पूरा करने में मदद मिलेगी और विभागीय कामकाज में गति बनी रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post