khabar abhi tak

कुत्ता भौंकने और शराब के पैसों को लेकर विवाद, दो पक्षों में खूनी संघर्ष,मामला दर्ज


जबलपुर।
शहर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र अंतर्गत चुंगी नाका क्षेत्र में मामूली बात को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे और चाकू चले। इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एक पक्ष का आरोप: कुत्ता भौंकने पर किया हमला

प्रथम पक्ष की सरस्वती बाई चौधरी (60) ने पुलिस को बताया कि उनके घर का पालतू कुत्ता भौंक रहा था। इसी बात से नाराज होकर मोहल्ले के अजय अहिरवार और दुर्गेश अहिरवार गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी और लोहे की रॉड से सरस्वती और उनके बेटे धर्मेंद्र पर हमला कर दिया, जिससे उन्हें सिर, चेहरे और हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने इस मामले में धारा 296(ए), 115(2), 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।

दूसरे पक्ष का आरोप: शराब के लिए मांगे पैसे, फिर किया चाकूबाजी

वहीं, दूसरे पक्ष के नरबद प्रसाद अहिरवार का आरोप है कि उनका बेटा अजय और दुर्गेश काम से लौट रहे थे, तभी धर्मेंद्र चौधरी ने उनसे शराब के लिए पैसों की मांग की। पैसे न देने पर धर्मेंद्र ने चाकू से हमला कर दोनों बेटों को घायल कर दिया। नरबद के अनुसार, शोर सुनकर जब वे मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। पुलिस ने इस शिकायत पर धारा 118(1) और 119(1) बीएनएस सहित अन्य धाराओं में मामला पंजीबद्ध किया है। फिलहाल पुलिस क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए हुए है और मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak