जबलपुर:अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से कूदकर फिजियोथेरेपिस्ट ने की आत्महत्या


जबलपुर।
मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ धन्वंतरी नगर चौकी क्षेत्र के यश अपार्टमेंट में एक फिजियोथेरेपिस्ट ने चौथी मंजिल से कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में शोक की लहर है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान दतिया निवासी भानु मोहर के रूप में हुई है। भानु पेशे से फिजियोथेरेपिस्ट थे और शहर के यश अपार्टमेंट में रह रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक ने अचानक अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई।

नहीं मिला सुसाइड नोट,गहराया शक

​धन्वंतरी नगर चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने पंचनामा कार्यवाही के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल, आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है, जिससे मामले की गुत्थी और उलझ गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे मृतक के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और परिजनों से पूछताछ कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह पिछले कुछ दिनों से किसी मानसिक तनाव में तो नहीं था। धन्वंतरी नगर चौकी पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post