अवैध कॉलोनियों पर हरकत में आया नगर निगम:
जबलपुर। नगर निगम क्षेत्र में लगातार बढ़ती अवैध कॉलोनियों और उन पर हो रही ढुलमुल कार्रवाई को लेकर अब प्रशासन सख्त रुख अपनाता नजर आ रहा है। लंबे समय की चुप्पी के बाद नगर निगम ने अवैध कॉलोनी निर्माताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं। इसी क्रम में शहर की आधा दर्जन प्रमुख अवैध कॉलोनियों के डेवलपर्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की तैयारी की जा रही है, जो सोमवार तक दर्ज हो सकती है।
206 से बढ़कर 224 हुई संख्या
आंकड़ों के अनुसार, नगर निगम क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों का जाल तेजी से फैला है। पूर्व में इनकी संख्या 206 थी, जो अब बढ़कर 224 हो चुकी है। बिना किसी स्वीकृत ले-आउट और वैधानिक अनुमति के धड़ल्ले से प्लॉटिंग कर भूखंड बेचे जा रहे हैं। गौर करने वाली बात यह है कि नगर निगम अब तक केवल नोटिस जारी कर औपचारिकता निभा रहा था, लेकिन धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से अवैध निर्माणकर्ताओं के हौसले बुलंद थे।
104 कॉलोनियों की सूची सार्वजनिक, पर कार्रवाई का इंतजार
वर्ष 2022 से पहले विकसित हुई 206 अवैध कॉलोनियों में से 104 की सूची सार्वजनिक की जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक न तो वहां कोई तोड़फोड़ हुई और न ही प्रभावी दंडात्मक कार्रवाई। प्रशासन की इस सुस्ती के कारण शहर की नियोजित विकास व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ रही है। बुनियादी सुविधाओं जैसे सड़क, नाली, पेयजल और सीवरेज के अभाव में यहां रहने वाले आम नागरिक परेशान हो रहे हैं। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान चलाकर न केवल एफआईआर दर्ज की जाएगी, बल्कि अवैध रूप से विकसित किए गए भूखंडों को बेचने वालों को नए सिरे से नोटिस जारी कर जवाब तलब किया जा रहा है। एक कॉलोनी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी शुरू की गई है।
