जबलपुर। शहर में लगातार बढ़ते अपराधों और चरमरती कानून व्यवस्था के विरोध में आज कांग्रेस ने उग्र प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक लखन घनघोरिया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव करने पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन पर विफल होने और सत्ता पक्ष के दबाव में पक्षपातपूर्ण कार्यवाही करने के गंभीर आरोप लगाए।
बैरिकेड्स पर पुलिस से तीखी झड़प और धक्का-मुक्की
आंदोलन की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी ऑफिस के चारों ओर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए कार्यालय के बाहर मजबूत बैरिकेडिंग की थी। जब कार्यकर्ता आगे बढ़ने का प्रयास करने लगे, तो पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। कार्यकर्ता बैरिकेड्स लांघकर एसपी ऑफिस के भीतर घुसने का प्रयास करते रहे, जिसे रोकने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पुलिस की विफलता और पक्षपात का आरोप
प्रदर्शन के दौरान विधायक लखन घनघोरिया ने पुलिस प्रशासन को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि शहर में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और पुलिस अपराधियों पर लगाम कसने के बजाय कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम जनता के खिलाफ पक्षपातपूर्ण रवैया अपना रही है। कांग्रेसियों का आरोप है कि पुलिस कई मामलों में सत्ता के दबाव में आकर एकतरफा कार्यवाही कर रही है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, छावनी में तब्दील हुआ इलाका
कांग्रेस के इस 'हल्लाबोल' आंदोलन के मद्देनजर पूरा एसपी ऑफिस परिसर छावनी में तब्दील नजर आया। जिले के आला पुलिस अधिकारी खुद स्थिति पर नजर रखे हुए थे। घंटों चले इस हंगामे के कारण ओमती और आसपास के क्षेत्रों में यातायात भी प्रभावित हुआ। कांग्रेस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अपराधों पर अंकुश नहीं लगाया गया और पुलिस ने अपना कार्य सुधारने का प्रयास नहीं किया, तो आने वाले समय में और भी उग्र आंदोलन किया जाएगा।
