khabar abhi tak

6 घंटे में 11 बार राजकोट भूकंप के झटकों से दहला राजकोट, सभी स्कूलों में छुट्टी

राजकोट. गुजरात के राजकोट जिले में आज 9 जनवरी शुक्रवार की सुबह से लगातार भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में डर का माहौल बन गया। जेठपुर, धोराजी, उपलेटा, गोंडल और आसपास के इलाकों में एक के बाद एक कुल 11 झटके आने के कारण कई स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। हालांकि कहीं से भी किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नही है।

इंस्टीट्यूट ऑफ सीस्मोलॉजिकल रिसर्च के आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार सुबह से दोपहर तक इस इलाके में कुल 11 बार भूकंप के झटके दर्ज किए गए। सबसे तेज झटका सुबह 6:19 बजे आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.8 मापी गई। इसके बाद करीब एक घंटे तक लगातार हल्के झटके महसूस होते रहे। 9 जनवरी दोपहर पौने 12 बजे तक झटके आते रहे। आज सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक कुल 6 घंटे में 11 बार धरती कांपी।

भूकंप का केंद्र उपलेटा से 27 से 30 किलोमीटर दूर पूर्व-उत्तर-पूर्व दिशा में बताया गया है। अनुमान है कि केंद्र जमीन के अंदर 6.1 से 13.6 किलोमीटर की गहराई पर था। इससे पहले गुरुवार रात 8:43 बजे भी 3.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी भी प्रकार की जान-माल की हानि की कोई सूचना नहीं है।

राजकोट जिला शिक्षा अधिकारी दीक्षित पटेल ने बताया कि गुरुवार शाम से ही धोराजी और जेठपुर में भूकंप के झटके महसूस किए जा रहे हैं। उपलेटा और गोंडल में भी असर देखने को मिला है। इसके चलते स्थानीय स्तर पर तहसीलदार और स्कूल प्राचार्यों को निर्णय लेने के निर्देश दिए गए हैं। जहां जरूरत महसूस हो वहां छात्रों को छुट्टी देने और शिक्षकों को स्कूल में उपस्थित रहने को कहा गया है। फिलहाल धोराजी और जेठपुर दोनों तालुकों की सभी स्कूलों में छात्रों को छुट्टी दे दी गई है। साथ ही जिन इमारतों में किसी प्रकार की क्षति हुई है, वहां अब छात्रों को न बैठाने के निर्देश दिए गए हैं। इन भवनों का बाद में सर्वे कराया जाएगा।  धोराजी तालुका की 48 और जेठपुर तालुका के 70 स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। शिक्षा विभाग ने सभी स्कूल प्राचार्यों को निर्देश दिए हैं कि यदि उन्हें स्थिति असुरक्षित लगे तो वे तुरंत छात्रों को छुट्टी दे सकते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak