जबलपुर। मझौली थाना क्षेत्र के ग्राम धनवाही में पांच साल पुराने हत्या के मामले को लेकर एक बार फिर खूनी संघर्ष की स्थिति बनी। साल 2018 में बेटे की हत्या करने वाले आरोपी रोहित गोंड ने अब मृतक के पिता मणिशंकर गोंड पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए फरार आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से हथियार बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 15 जनवरी को मणिशंकर गोंड बिछी तिराहा स्थित एक सैलून में गए थे। वहां पहले से मौजूद आरोपी रोहित गोंड ने उन्हें देखते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर रोहित ने कट्टा निकालकर मणिशंकर पर सीधा फायर कर दिया। समय रहते मणिशंकर के झुक जाने के कारण गोली उनके कान को छूकर निकल गई, जिससे उनकी जान बच गई। इसके बाद आरोपी ने उनके साथ मारपीट की, जिसमें पीड़ित का एक दांत टूट गया।
क्या है पुरानी रंजिश है वजह
पीड़ित मणिशंकर ने पुलिस को बताया कि 27 दिसंबर 2018 को रोहित गोंड ने अपने साथी के साथ मिलकर उनके बेटे रंजीत की हत्या की थी। आरोपी इसी मामले की रंजिश रखते हुए उन पर हमला कर रहा था। वारदात के बाद से आरोपी फरार था, जिसे पुलिस ने गुरुवार रात घेराबंदी कर दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से एक कट्टा और जिंदा कारतूस जब्त किया गया है।
