मुजावर मोहल्ले में भतीजों ने किया घर में आग लगाने का प्रयास, दहशत में परिवार


पारिवारिक विवाद में मौसी के घर को फूंकने की कोशिश, सीसीटीवी में कैद हुई करतूत

जबलपुर।  गढ़ा थाना अंतर्गत मुजावर मोहल्ले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहाँ एक पुराने पारिवारिक विवाद के चलते दो सगे भतीजों ने अपनी ही मौसी के घर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया। गनीमत रही कि समय रहते परिजनों की नजर उन पर पड़ गई, जिससे एक बड़ी जनहानि और अनहोनी टल गई। घटना का रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

पेट्रोल छिड़कते देख शोर मचाया,दहशत का आलम

पीड़िता माया राज ने बताया कि वह बीती रात अपने परिवार के साथ घर के अंदर सो रही थीं। तभी उनके भतीजे अमन और योगेंद्र हाथ में पेट्रोल से भरी बोतलें लेकर पहुँचे और घर के मुख्य दरवाजे व आसपास पेट्रोल छिड़कना शुरू कर दिया। इसी दौरान घर की बहू को बाहर कुछ आहट सुनाई दी। जब उसने आंगन में आकर देखा तो दोनों आरोपी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। बहू के शोर मचाते ही पकड़े जाने के डर से दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

एसपी से सुरक्षा की गुहार,खुलेआम घूम रहे आरोपी

पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों से उनका पुराना संपत्ति या पारिवारिक विवाद चल रहा है, जिसके चलते वे पहले भी धमकियाँ दे चुके हैं। घटना के बाद से पूरा परिवार गहरे सदमे और डर में है। माया राज ने गढ़ा थाने में शिकायत दर्ज कराने के साथ ही पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुँचकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने पुलिस को सौंपे शिकायती पत्र में कहा है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और उनके परिवार की जान को गंभीर खतरा बना हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वीडियो फुटेज को कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post