छिंदवाड़ा। एमपी के छिंदवाड़ा स्थित ग्राम रोहना कला में आज दोपहर में सिसोदिया ढाबा में काम करने वाले रसोईया कमलनाथ मसकोले की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। रसोईया पर हमला होते देख ढाबा में चीख पुकार व अफरातफरी मच गई। खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने पूछताछ के बाद आरोपी की सरगर्मी से तलाश शुरु कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सिसोदिया ढाबा में काम करने वाले रसोईया कमलनाथ का आरोपी से 350 रुपए की देनदारी को लेकर लम्बे समय से विवाद चला आ रहा था। जिसके चलते दोनों के बीच कई बार विवाद की स्थिति बनी। आज भी आरोपी ढाबा पहुंचा, जहां पर कमलनाथ से इसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। झगड़ा इतना बढ़ा कि आरोपी युवक ने चाकू निकालकर कमलनाथ पर दनादन वार किए। हमले में कमलनाथ के शरीर पर गंभीर चोटें आई और वह गिर गया। रसोईया पर हमला होते देख ढाबा में कार्यरत कर्मचारियों व ग्राहकों में अफरातफरी मच गई। इस बीच कुछ साथियों ने कमलनाथ को उठाकर अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डाक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हत्या की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने पूछताछ के बाद आरोपी की तलाश शुरु कर दी है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिससे आरोपी की पहचान हो सके।