जबलपुर। नए साल के जश्न के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। पिकनिक मनाने जा रहे एक परिवार का लोडिंग वाहन (पिकअप) अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे खुशियां मातम में बदल गईं। यह दुर्घटना कुंडम क्षेत्र के जैतपुरी स्थित संता ढाबा के पास घटित हुई। जानकारी के अनुसार, नए साल के पहले दिन एक परिवार के करीब 18 सदस्य, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे, पिकअप वाहन में सवार होकर पिकनिक के लिए निकले थे। जैसे ही उनका वाहन जैतपुरी के पास पहुंचा, चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सड़क पर ही पलट गई।
मच गई चीख पुकार,पुलिस पहुंची
वाहन पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर कुंडम थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से घायलों को वाहन से बाहर निकाला और एम्बुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। इस सड़क दुर्घटना में वाहन में सवार सभी 18 लोग घायल हुए हैं। डॉक्टरों के अनुसार, इनमें से 6 लोगों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। शेष घायलों का उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक तौर पर तेज रफ्तार या ओवरलोडिंग को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जश्न के दौरान यातायात नियमों का पालन करें और मालवाहक वाहनों में सवारी न करें।
