भोपाल. मध्यप्रदेश में लग रहा है मौसम ने कोल्ड स्ट्राइक की हुई है. कड़ाके की ठंड और कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। उत्तर भारत की बर्फीली हवाओं से रीवा और शहडोल रीजन में तेजी से पारे में गिरावट दर्ज की गई है। करीब 14 से अधिक जिलों में रात का पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक मौसम के टार्चर से राहत की कोई उम्मीद नहीं है.
उत्तर भारत की बर्फीली हवाएं मध्यप्रदेश के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में सीधे प्रवेश कर रही हैं। जिससे खासकर रीवा और शहडोल रीजन में सबसे तेजी से पारे में गिरावट दर्ज की गई है। करीब 14 से अधिक जिलों में रात का पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे हैं।
पश्चिमी मध्यप्रदेश यानी राजगढ़, ग्वालियर और दतिया में रातें अधिक ठंडी हैं, जबकि पूर्वी मध्यप्रदेश यानी रीवा और शहडोल में दिन के तापमान में रिकॉर्ड तोड़ गिरावट हुई है। शाजापुर के गिरवर में शीतल दिन की स्थिति सबसे गंभीर है, जहां दिन का तापमान सामान्य से काफी कम रहा।
यहां कोल्ड वेव अलर्ट
मौसम वैज्ञानिक डॉ दिव्या ई सुरेंद्रन के मुताबिक, मौसम के ताजा आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। अगले 24 घंटों के लिए दतिया, छतरपुर और टीकमगढ़ जैसे जिलों में अति घना कोहरा और शीतल दिन का अलर्ट जारी किया गया है।
सबसे तेजी से तापमान गिरने वाले जिले
रीवा और शहडोल संभाग में अधिकतम तापमान में 4.7डिसे से 6.5 डिसे तक की भारी गिरावट दर्ज की गई है। यह गिरावट इतनी तीव्र है कि पारा सामान्य से 5.9 डिसे नीचे चला गया है। उज्जैन, चंबल और शहडोल संभाग के अधिकांश क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान यानी रात की ठंड में 2.2 डिसे से 3.4 डिसे तक की कमी रिकार्ड की गई है। नर्मदापुरम और जबलपुर में भी दिन के तापमान में 2.9 डिसे तक की गिरावट देखी गई है। शहडोल संभाग न्यूनतम तापमान में गिरावट के बावजूद, यहां रात का तापमान अभी भी सामान्य से 3.5 डिसे अधिक बना हुआ है, जो कि आने वाले दिनों में और गिर सकता है। रीवा और सागर संभाग में रात का पारा सामान्य से 1.9 डिसे से 3.0 डिसे तक ऊपर है।
| चेतावनी (Warning) | स्थानिक वितरण | प्रभावित जिले |
| अति घना कोहरा और शीतल दिन (Severe Cold Day) | कहीं-कहीं | दतिया, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी |
| अति घना कोहरा (Very Dense Fog) | कहीं-कहीं | ग्वालियर, सतना, पन्ना |
| घना कोहरा (Dense Fog) | कहीं-कहीं | भिंड, मुरैना, रीवा, मऊगंज, जबलपुर, नरसिंहपुर |
| मध्यम कोहरा और शीतल दिन (Cold Day) | कहीं-कहीं | राजगढ़, उमरिया |
| मध्यम कोहरा (Moderate Fog) | कहीं-कहीं | भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, इंदौर, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुरकलां, सिंगरौली, सीधी, शहडोल, कटनी, दमोह, सागर, मैहर |
वैधता: 5 जनवरी से 6 जनवरी 2026 तक
