khabar abhi tak

एमपी : ट्रैक्टर नहर में गिरा, तीन किसानों की मौत, टूटी पुलिया से निकलते समय हादसा, ट्रॉली के नीचे दबे थे शव

भिंड. मध्य प्रदेश के भिंड में मंगलवार 9 दिसम्बर की देर रात टूटी पुलिया से एक ट्रैक्टर नहर में जा गिरा। ट्रैक्टर में सवार तीन किसानों की डूबकर मौत हो गई। तीनों के शव ट्रॉली के नीचे दबे गए। हादसा जिले के लहार थाना क्षेत्र में नानपुरा गांव के पास हुआ। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शवों को बाहर निकलवाया और हॉस्पिटल भिजवाया।

मृतकों की पहचान रावतपुरा सानी गांव निवासी झींगुरी सिंह राजपूत (80), बलवीर सिंह राजपूत (70) और शिब्बू उर्फ शिवेंद्र सिंह राजपूत (35) के रूप में हुई है। ये तीनों धान बेचने के लिए उत्तर प्रदेश गए थे। मंगलवार देर शाम वापस लौट रहे थे। रात करीब 10 बजे नानपुरा गांव के पास टूटी पुलिया से गुजरते वक्त अंधेरे में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सीधे नहर में पलट गया।

खेत में पानी दे रहे किसानों ने देखा

हादसा अंधेरे में हुआ, इसलिए किसी को तुरंत इसकी जानकारी नहीं मिल पाई। पास के खेतों में पानी दे रहे कुछ किसानों की नजर नहर में उल्टे पड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली पर पड़ी। पास जाकर देखा तो तीनों किसान ट्रैक्टर के नीचे दबे हुए थे। ग्रामीणों ने तुरंत लहार पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही टीआई शिवसिंह यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

ट्रैक्टर के नीचे दबे मिले शव

पुलिस और ग्रामीणों की मदद से नहर के पानी में फंसे ट्रैक्टर को हटाया गया। इसके नीचे दबे तीनों किसानों के शव बाहर निकाले गए। ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबने और पानी में डूबने से तीनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को लहार सिविल हॉस्पिटल के पोस्टमॉर्टम हाउस में रखवाया है। बुधवार सुबह पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak