राजस्व वसूली में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई : भारी बकायदारों पर कुर्की, तालाबंदी और कनेक्शन काटने की कार्यवाही
जबलपुर। नगर निगम जबलपुर ने राजस्व वसूली में एक बार फिर कड़ी सख्ती दिखाते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में ताबड़तोड़ कार्रवाई की। आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान में निगम की टीमों ने बड़े बकायादारों पर कुर्की, नल कनेक्शन काटने और दुकानों में तालाबंदी जैसी कठोर कार्रवाई की। निगमायुक्त का कहना है कि यह कदम उन लोगों के खिलाफ अंतिम चेतावनी है, जो जानबूझकर नगर निगम का राजस्व रोककर रखे हुए हैं।
80 लाख बकाया पर 8 दुकानों में तालाबंदी, बारात घर और शराब दुकानों पर भी कार्रवाई
अपर आयुक्त देवेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि छोटी लाइन गोरखपुर क्षेत्र के जार्ज डिसिल्वा वार्ड–12 में संपत्ति स्वामी सोने लाल उर्फ सुंदर लाल पिता तोडर लोधी की संपत्ति ID 1000508058 पर 80,16,350 रुपये बकाया पाए जाने पर 8 दुकानों में तालाबंदी की गई। वहीं दूसरी संपत्ति पर 2,39,394 रुपये बकाया होने पर भी ताले लगाए गए। वार्ड–15 में संपत्ति ID 1000494795 (सुधा मालवीय) की दुकान पर 1,02,036 रुपये बकाया मिलने पर तालाबंदी की गई।
नरसिंह वार्ड–14 में मुकेश जायसवाल (ID: 1002259104) पर 9,71,944 रुपये बकाया थे। कुर्की की कार्रवाई के दौरान उन्होंने 2 लाख रुपये चेक से जमा कर आगे भुगतान का भरोसा दिया।संभाग क्रमांक 3 में दादा बाबूराव वार्ड–09 में 1,09,572 रुपये बकाया होने पर दुकान सील की गई।अपर आयुक्त विद्यानंद बाजपेयी ने बताया कि संभाग–12 में 4 बकायादारों से 1,00,000 और 93,000 रुपये वसूले गए। गलगला बाजार में संयुक्त टीम ने चालान, जुर्माना और टैक्स वसूला। अपर आयुक्त अंजू सिंह ठाकुर के अनुसार पटेल बारात घर पर 5,94,953 रुपये बकाया होने पर उसे सील किया गया तथा गंदगी मिलने पर स्पॉट फाइन भी लगाया गया।अपर आयुक्त अरविन्द शाह ने बताया कि परियट और मढ़ई क्षेत्र की 2 देसी–विदेशी शराब दुकानों पर लगभग 2 लाख रुपये बकाया थे, जिनमें 78,800 रुपये मौके पर ही वसूले गए। स्वास्थ्य विभाग ने गंदगी के लिए 10,000 रुपये का दंड भी लगाया। केशरवानी दूध डेयरी, परियट से 1 लाख रुपये बकाया वसूल किए गए, साथ ही 50,000 रुपये स्पॉट फाइन लगाया गया।
अनेक विभागों की टीम रही शामिल
कार्रवाई के दौरान अपर आयुक्त अरविन्द शाह, देवेन्द्र सिंह चौहान, विद्यानंद बाजपेयी, अंजू सिंह, संभागीय अधिकारी शैलेंद्र सिंह कौरव, नरेश शर्मा, मयंक चौरसिया, संतोष अग्रवाल, सचेतन सिंह, किशोर कुमार दाहिया, कृतिका, हरनारायण पटेल, शिरीष उपाध्याय, अमित दुबे, मधुलिका चौधरी, अनिल केवट, संदीप सिंह बघेल, धर्मेश पाठक, हर्षा पटेल, राजेश डेनियल, सुनील भल्ला, रामनाथ, अभिनेष बड़गैया, अभिषेक दुबे, अनुज केवट, बलराम लोधी, तथा स्वास्थ्य विभाग व अतिक्रमण दस्ते के अधिकारी मौजूद रहे।
