सालों से फरार, एक रात में पकड़े

 

जबलपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 242 फरार वारंटी दबोचे ,पूरे जिले में पाँच घंटे चली कॉम्बिंग गश्त

जबलपुर। शहर में अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए जबलपुर पुलिस ने आधी रात कॉम्बिंग गश्त और वारंट तामीली अभियान चलाया। इस संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने कुल 242 फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया। अभियान रात में शुरू होकर लगातार पाँच घंटे से अधिक समय तक चला, जिसमें नगर और ग्रामीण दोनों क्षेत्र शामिल रहे। जानकारी के अनुसार हर थाना क्षेत्र में अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं, जिन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में लंबित वारंटों की तामीली और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी का लक्ष्य दिया गया था। पुलिस ने एक साथ छापेमारी कर उन वारंटियों को पकड़ा, जो वर्षों से पुलिस से बचते फिर रहे थे। इनमें से 110 गैर-मियादी वारंटी ऐसे थे जो लंबे समय से फरार चल रहे थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार स्थान बदलते थे।

कोई खेत में पकड़ा, कोई घर में

कार्रवाई के दौरान कई वारंटियों को घरों, खेतों और छिपने के लिए बनाए गए अस्थायी ठिकानों से पकड़ा गया। पुलिस का मानना है कि इस व्यापक अभियान से अपराधियों में भय का वातावरण बनेगा और लंबित मामलों में तेजी आएगी। जबलपुर पुलिस ने साफ किया है कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि फरार आरोपी और वारंटी पुलिस की पकड़ से बाहर न रह सकें। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कहा कि  शहर को सुरक्षित बनाना और अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना लक्ष्य है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post