कलेक्टर के आदेश पर तैयार हो गई औरिया नवीन मटर मंडी
जबलपुर। मटर का सीजन आते ही कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के आदेश पर औरिया में नवीन मटर मंडी तैयार कर ली गई है। प्रशासन सहित पुलिस को तमाम आदेश दे दिए गए हैं। मौके पर कृषि उपज मंडी के सचिव ने अमले के साथ पहुंचकर अंतिम 40 दुकानों का अस्थाई आवंटन कर दिया है। यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए यातायात को एक पत्र भी भेज दिया है।
मंडी सचिव आरके सैय्याम ने बताया कि नवीन मटर मंडी दो हिस्सों में बनाई गई है। इस मंडी में प्रवेश करने के दौरान ही बांई ओर 40 और दांई ओर 136 अस्थाई दुकानों के जगह आवंटित की गई है। इसमें बाहर से आने वाले मटर की खरीद-फरोख्त की जाएगी। जगह आवंटन 10गुणा15 में किया गया है। यह सभी जगह मंडी सदस्य व्यापारियों को दी गई है।
सैय्याम का कहना है कि मंडी में गार्ड तैनात किए गए हैं, जो मंडी के भीतरी यातायात पर सतत नजर रखेंगे। इसके साथ मंडी के बाहर भी वाहनों को क्रम से पार्क किए जाने पर जोर दिया गया है ताकि जाम की स्थिति न बनें। गौरतलब है कि मटर के सीजन में जबलपुर मटर के प्रमोशन के लिए अधिकारियों ने सभी तरह की तैयारी कर ली है। इसमें कलेक्टर ने प्रतिबंधात्मक आदेश भी जारी किए हैं।

