khabar abhi tak

अब 55 साल का लुटेरा दूल्हा पकड़ाया, तीन बच्चों के बावजूद खुद को कुंवारा बताता था, डाक्टर, टीचर को लगाया चूना

अहमदाबाद. गुजरात के अहमदाबाद के रहने वाले 55 साल के दूल्हे को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बिरेन कुमार सोलंकी नामक इस लुटेरे को छत्तीसगढ़ की दुर्ग से पुलिस ने पकड़ा है। बिरेन खुद को कुंवारा बता कर अब तक चार शादियां कर चुका है, लेकिन असल में वह पहले से न सिर्फ शादीशुदा है, बल्कि उसके तीन बच्चे भी हैं। बिरेन के सबसे बड़े बेटे की उम्र 35 साल और बाकी बच्चों की उम्र 27 और 25 वर्ष है।

बिरेन की तीसरी शादी के बाद उसके इस खेल का भंडाफोड़ हुआ। उसने 2023 में दुर्ग की रहने वाली एक महिला टीचर से तीसरी शादी की थी। शादी से पहले दोनों चार साल तक रिलेशनशिप में भी रहे। शादी करने के लिए बिरेन गुजरात से अकेला ही दुर्ग पहुंच गया और उसने परिवार वालों को ट्रेन की टिकट नहीं मिलने का बहाना किया।

32 लाख रुपए कैश और 12 लाख के जेवर चुरा कर फरार

शादी के बाद कई दिनों तक बिरेन ने महिला टीचर को बेवकूफ बनाया और फिर 32 लाख रुपए कैश और 12 लाख के जेवर चुरा कर फरार हो गया। बिरेन के अचानक गायब हो जाने के बाद महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद पुलिस ने उसे गुजरात से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच के दौरान बिरेन के इस पूरे खेल का खुलासा हुआ।

अखबार के विज्ञापन के जरिए मिले दोनों

पुलिस ने बताया कि बिरेन खुद को कुंवारा बता कर महिला टीचर के अलावा भी कई और महिलाओं को लूट चुका है। महिला टीचर के साथ बिरेन ने तीसरी शादी की थी। खबरों के अनुसार, बिरेन की इस महिला से मुलाकात एक विज्ञापन के जरिए हुई थी। बिरेन ने 2019 में अपनी शादी के लिए अखबार में एक विज्ञापन दिया था। यहीं से वह महिला उसके संपर्क में आई। बिरेन ने महिला के सामने खुद को कुंवारा बताते हुए यह दावा किया कि वह एक बड़ी कंपनी में ऊंचे पद पर काम करता है।

जून 2023 में की चौथी शादी

आरोपी ने इसी बीच जून 2023 में गुजरात की सरकारी डॉक्टर से चौथी शादी भी कर ली थी। दुर्ग की शिक्षिका को इस शादी की जानकारी मिली। इसके बाद उसकी बाकी दो शादियों और तीन बच्चों की भी पोल खुल गई। जानकारी के अनुसार, इन चार शादियों में से बिरेन का सिर्फ एक ही शादी में तलाक हुआ था। पीडि़ता टीचर ने बताया कि जब वह बिरेन से संपर्क करती तो वह उसके साथ गाली-गलौज करता और कहता था कि उसने गहने बेच दिए है। इसके बाद महिला ने पुलिस में बिरेन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak