khabar abhi tak

हसदेव नदी में डूबने से 3 दोस्तों की दर्दनाक मौत, नहाने के दौरान गहराई में गये

रायपुर. छत्तीसगढ़ में हसदेव नदी में डूबने से तीन छात्रों की मौत हो गई। रेस्क्यू टीम ने 26 घंटे की तलाश के बाद आज गुरुवार 11 दिसम्बर की सुबह तीनों के शव बरामद कर लिए। नहाते समय वे गहराई में चले गए थे।

मृतकों में नेल्सन लकड़ा (15) शामिल था, जो सक्ती जिले में पदस्थ एएसआई नजारियूस एक्का का बेटा था। युवराज राठौर (14) के पिता दिनेश राठौर प्लांट कर्मचारी हैं, जबकि रुद्र सिंह राज (11) के पिता जयचंद राज किराना दुकान चलाते हैं। तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

जांजगीर चांपा जिले के स्कूल की छुट्टी होने के कारण तीनों दोस्त बुधवार सुबह करीब 10 बजे साइकिल से हनुमान धारा नहाने गए थे। शाम तक घर न लौटने पर परिवार ने खोजबीन शुरू की। त्रिदेव घाट के पास उनकी साइकिल, कपड़े और चप्पलें मिलीं, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी गई थी। जिसके बाद एसडीआरएफ और पुलिस टीम ने पूरे क्षेत्र में रेस्क्यू अभियान चलाया। मृतक रुद्र (कक्षा 5), युवराज (कक्षा 8), और नेल्सन (कक्षा 9) तीनों जगदल्ला कॉलोनी स्थित मनका पब्लिक स्कूल के छात्र थे।

नदी के पानी का प्रवाह रोका गया

बच्चों के लापता की सूचना मिलते ही चांपा पुलिस, एसडीआरएफ टीम और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीएम पवन कोसमा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। बच्चों की खोजबीन के लिए हसदेव नदी का जल प्रवाह अस्थायी रूप से रोक दिया गया था, ताकि तलाशी अभियान में तेजी लाई जा सके। बुधवार को दिन में तीनों बच्चों की तलाश लगातार जारी रही। लेकिन शाम होने के बाद अंधेरा होने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतें आईं, जिसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया था। आज गुरूवार की सुबह तलाशी के दौरान तीनों के शव बरामद किए गए।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak