khabar abhi tak

एमपी : फर्जी कर्नल बनकर रिटायर्ड फौजी से सेना में भर्ती के नाम पर 15 लाख रुपए की ठगी

ग्वालियर। एमपी के सिंगरौली के सेवानिवृत्त सैनिक से उसके बेटे व भतीजे को आर्मी में भर्ती कराने का झांसा देकर अपने को कर्नल बताने वाले ठग ने बेटे को अग्निवीर और भतीजे को सुरक्षा अधिकारी के रूप में भर्ती कराने का झांसा देकर 15 लाख रुपये की ठगी कर ली। 

शिकायत में बताया गया कि पहली मुलाकात उसने लखनऊ में होने पर पहली किस्त के रूप में 7.50 लाख रुपये लिए। फिर ग्वालियर में सेना भर्ती कार्यालय के पास बुलाकर 7.50 लाख रुपये और ले लिए। फर्जी नियुक्ति पत्र भी थमा दिए। यह नियुक्ति पत्र लेकर जब रिटायर्ड फौजी अपने बेटे व भतीजे के साथ सेना भर्ती कार्यालय पहुंचे, तब फर्जीवाड़ा खुला। इस मामले में रिटायर्ड फौजी द्वारा पुलिस से शिकायत की गई है।

सिंगरौली के बैढऩ निवासी भूपेंद्र पांडे रिटायर्ड फौजी हैं। उनके बेटे ने सेना में नर्सिंग असिस्टेंट के पद के लिए आवेदन किया था। शारीरिक परीक्षा लखनऊ में हुई थी। इस परीक्षा में वह उत्तीर्ण नहीं हो सका। मैदान के पास ही सेना की वर्दी में एक युवक मिला, जिसने खुद को कर्नल बताया। उसकी वर्दी पर नेम प्लेट थी, जिस पर नाम एसएन राव लिखा था। उसने बताया कि वह उसके बेटे की नौकरी लगवा सकता है। उसे पता लगा कि भूपेंद्र भी फौज से रिटायर है तो बोला कि रिटायर्ड फौजियों के लिए एमइएस में भर्तियां निकली हैं। इसमें वह उसकी भी नौकरी लगवा देगा। दो दिन तक वह लखनऊ में रुके, इस दौरान उससे मुलाकात हुई। दोनों की नौकरी के नाम पर 7.50 लाख रुपये ले लिए। फिर ग्वालियर बुलाया। यहां भूपेंद्र अपने भतीजे को भी लेकर आया।

भतीजे के साथ दूर का रिश्तेदार भी था। इन दोनों की भी नौकरी लगवाने की बात कही। इस बार फिर 7.50 लाख रुपये लिए और दो दिन बाद नियुक्ति पत्र दे दिए। चार दिसंबर की ज्वाइनिंग डेट बताई और 28 नवंबर को रिपोर्टिंग। जब यह लोग ग्वालियर पहुंचे तब सेना भर्ती कार्यालय से पता लगा कि यह नियुक्ति पत्र तो फर्जी हैं। इसके बाद एसएसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की गई।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak