khabar abhi tak

साउथ अफ्रीका के खिलाफ ODI सीरीज में केएल राहुल भारतीय टीम के कप्तान, ध्रुव जुरेल को भी जगह

नई दिल्ली. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए 23 नवम्बर रविवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भारतीय टीम का ऐलान कर दिया। कोलकाता टेस्ट में चोटिल हुए कप्तान शुभमन गिल को आगामी वनडे सीरीज से आराम दिया गया है। उनकी जगह केएल राहुल को नेतृत्व सौंपा गया है। उनके डिप्टी ऋषभ पंत होंगे।

बोर्ड की तरफ से घोषित की गई 15 सदस्यीय टीम में आठ बल्लेबाज, तीन ऑलराउंडर, तीन तेज गेंदबाज और एक विशेषज्ञ स्पिनर को शामिल किया गया है। रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, तिलक वर्मा, ऋतुराज गायकवाड़, ध्रुव जुरेल, केएल राहुल (विकेटकीपर) और ऋषभ पंत (विकेटकीपर) को बल्लेबाज के तौर पर टीम में शामिल किया गया है। इसके अलावा ऑलराउंडर के तौर पर चयन समिति ने वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा और नीतीश कुमार रेड्डी पर भरोसा जताया है। तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा को सौंपी गई है। स्पेशलिस्ट स्पिनर के तौर पर कुलदीप यादव को टीम में शामिल किया गया है।

राहुल को मिली कप्तानी

बीसीसीआई ने रविवार को आगामी वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का एलान कर दिया। इस सीरीज में केएल राहुल टीम का नेतृत्व करते नजर आएंगे, जिसमें रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गज शामिल होंगे। कोलकाता टेस्ट के दौरान गिल की गर्दन में चोट लगी थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फिलहाल गिल मुंबई में हैं और चिकित्सकों की निगरानी में हैं। वहीं, श्रेयस भी इस सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वह चोटिल हो गए थे। फिलहाल वह रिकवर कर रहे हैं।

बुमराह और सिराज को मिला आराम

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज को आगामी सीरीज के लिए आराम दिया गया है। फिलहाल दोनों दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज में खेल रहे हैं। दोनों के वर्कलोड को मैनेज करने के उद्देश्य से चयन समिति ने उन्हें आराम दिया है।

वनडे सीरीज का कार्यक्रम

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच फिलहाल दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जा रही है। पहला मुकाबला कोलकाता में खेला गया था, जिसमें मेहमानों ने जीत हासिल कर 1-0 की बढ़त बना ली। अब दोनों टीमें गुवाहाटी में दूसरा टेस्ट मुकाबला खेल रही हैं। इसके बाद दोनों टीमें तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेंगी। पहला मुकाबला 30 नवंबर को रांची में खेला जाएगा। इसके बाद भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें 2 और 6 दिसंबर को आमने-सामने होंगी। यह दोनों मुकाबले क्रमश: रायपुर और विशाखापत्तनम में खेले जाएंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak