भोपाल में जारी है प्रशिक्षण, जबलपुर से भी शिक्षकों का चयन,कठपुतली नृत्य के साथ गीत और कविता पर होगा जोर
जबलपुर। इन दिनों एक नये प्रयोग पर बड़ी शिद्दत से काम किया जा रहा है। भोपाल में जबलपुर सहित अन्य जिलों से चयनित शिक्षकों को एक अलग तरह की टेनिंग दी जा रही है। इस टेनिंग के बाद अब शिक्षक अपनी कक्षा में नाच-गाकर बच्चों को पढ़ाते नजर आएंगे। योजना के अनुसार, बच्चों को कठपुतली नृत्य, मुखौटा, मूर्तियों, कविता, गीत और चित्रों के जरिए गणितव विज्ञान के गूढ़ संदर्भों को समझाया जाए, ताकि कक्षा का वातावरण आनंददायक बना रहे और बच्चों को कठिन विषय आसानी से समझ आ जाए। इसके लिए राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद, एनसीईआरटी समृद्धि-2025 में शिक्षकों को प्रशिक्षित करेगा। प्रदेश के जबलपुर सहित 30 जिलों के 65 शिक्षकों का चयन इसके लिए किया गया है। इनके बीच प्रतियोगिता भी कराई गई। ये शिक्षक अपने जिले में मुख्य प्रशिक्षक होंगे और अन्य शिक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे।
-हर विषय को कला से जोड़ने का प्रयास
स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से स्कूलों में आर्ट इंटीग्रेटेड लर्निंग के तहत समृद्धि कार्यक्रम के तहत उच्च माध्यमिक शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें एनसीईआरटी की ओर से प्रशिक्षक शिक्षकों का प्रशिक्षित कर रहे हैं। स्कूलों में इसकी अधिकारी निगरानी भी करेंगे, ताकि हर विषय को कला से जोड़ते हुए पढ़ाया जा सके।
