khabar abhi tak

उत्सव में बदल गयी सूर्या हाफ मैराथन

 



दिल से दौड़े हजारों धावक,रोशनी के साथ म्यूजिक ने जगाया जादू,दूसरे शहरों से भी आये फिटनेस प्रेमी

जबलपुर। सूर्या हाफ मैराथन 2025 के तीसरे संस्करण ने रविवार सुबह शहर को ऊर्जा, उत्साह और जोश से भर दिया। तड़के ही अलग-अलग इलाकों से भारी संख्या में धावक, फिटनेस प्रेमी, युवा और वरिष्ठ प्रतिभागी आयोजन स्थल पर पहुंच गए। माहौल इतना उत्सवी था कि पूरा क्षेत्र रोशनी, संगीत और जयकारों से गूंज उठा।

-सड़कों पर दिखी लम्बी कतारें

कार्यक्रम का शुभारंभ विशेष मंच से हुआ, जहां आयोजन टीम ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए दौड़ का संकेत दिया। शुरुआत होते ही धावकों की लंबी कतारें शहर की सड़कों पर निकल पड़ीं। रंगीन कंफ़ेटी, धुआं इफेक्ट, संगीत और तालियों के बीच प्रतिभागियों ने अपनी ऊर्जा और फिटनेस का शानदार प्रदर्शन किया। दौड़ में न केवल स्थानीय धावकों ने हिस्सा लिया, बल्कि कई बाहरी शहरों से आए प्रतिभागियों ने भी सूर्या हाफ मैराथन में भागीदारी की। आयोजन स्थल पर सुरक्षा बलों, स्वयंसेवी संगठनों और मैराथन टीम की मुस्तैदी साफ दिखाई दी।

-प्रमुख स्पोर्ट्स इवेंट बनी मैराथन

कार्यक्रम में सांसद आशीष दुबे, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, सहित कई जनप्रतिनिधि और विशिष्टजन उपस्थित रहे। नेताओं ने धावकों को प्रेरित करते हुए कहा कि सूर्या हाफ मैराथन अब जबलपुर का प्रमुख स्पोर्ट्स इवेंट बन चुका है, जो हर साल हजारों लोगों को फिटनेस के प्रति जागरूक करता है। इस भव्य आयोजन ने एक बार फिर साबित किया कि जबलपुर की जनता न सिर्फ खेल प्रेमी है, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली की ओर बढ़ने के लिए हर कदम तैयार है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak