आरोपियों ने बुलेट का भी बायल काटा,पुलिस पेट्रोलिंग पर सवाल
जबलपुर। तिलवारा थाना क्षेत्र एक बार फिर आपराधिक वारदात से दहल गया, जब देर रात कबीर मठ के सामने क्रेशर बस्ती में बेखौफ बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी दो बाइकों को आग के हवाले कर दिया। घटनास्थल पर आग की लपटें उठीं तो पूरे मोहल्ले में हड़कंप मच गया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए।
-क्या हुआ था रात में
पीड़ित शनि उर्फ सोनू बर्मन (34 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि वह पेंट–पुट्टी का काम करता है और रात में अपनी स्प्लेंडर, बुलेट और पड़ोसी की एक्सिस स्कूटी घर के बाहर खड़ी की थी। लगभग 3:40 बजे तौबा तौबा उर्फ हिमांशु राजपूत अपने साथियों के साथ पहुंचा और पुरानी रंजिश के चलते उनकी स्प्लेंडर व एक्सिस स्कूटी में आग लगा दी, जबकि बुलेट का बायल काटकर नुकसान पहुंचाया। कुल नुकसान लगभग 70 हजार रुपए बताया गया है।
...तो घर जल जाता
आग की लपटों को सबसे पहले पड़ोसियों ने देखा और शोर मचाते हुए पानी डालकर आग बुझाई, अन्यथा आग घर तक फैल सकती थी। पीड़ित की शिकायत पर तिलवारा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 326(एफ), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है। लगातार आपराधिक वारदातों से तिलवारा इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात में गश्त और पुलिस पेट्रोलिंग न के बराबर है, तभी बदमाश बेखौफ होकर आगजनी जैसी घटनाएं कर रहे हैं। पुलिस की धीमी कार्रवाई और बढ़ते अपराधों ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
