पुलिस अधिकारियों के अनुसार ग्रामीण रोज की तरह जंगल की तरफ गए थे। इसी दौरान उन्हें पेड़ पर कुछ लटकता हुआ दिखा। जब वे पास पहुंचे तो देखा कि वह एक व्यक्ति का कंकाल था। जो रस्सी के फंदे से पेड़ पर लटका हुआ था। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया और सभी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि शव काफी पुराना होने के कारण पूरी तरह कंकाल में बदल चुका था। प्रारंभिक जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि यह शव लगभग 20 दिन पुराना है। कंकाल की पहचान 35 वर्षीय चंद्रकुमार धुर्वे निवासी जमुनिया के रूप में की गई है। मृतक पिछले कई दिनों से लापता था।
पुलिस अब यह पता लगा रही है कि मामला आत्महत्या का है या किसी और वजह से मौत हुई है। उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद से गांव में दहशत और भय का माहौल बना हुआ है।