बंद घर से निकल रही थी जहरीली गैस, लोगों की आंखों में जलन, सांस लेने में हो रही थी दिक्कत, दरवाजा तोड़ा तो निकली अवैध केमिकल फैक्टरी
byKhabarAbhiTak-
0
मैहर। एमपी के मैहर स्थित कुम्हारी गांव में आज दोपहर दो बजे के लगभग एक बंद पड़े घर से निकल रही जहरीली गैस से लोगों की आंखों में जलन, सिरदर्द व सांस लेने में तकलीफ होने लगी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब घर का दरवाजा तोड़ा तो स्तब्ध रह गए। यहां पर अवैध रुप से केमिकल फैक्टरी का संचालन किया जा रहा था।
पुलिस को पूछताछ में स्थानीय लोगों ने बताया कि उक्त मकान कृषि विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी जयपाल सिंह का है। जो कई वर्षों से बंद पड़ा था। ग्रामीणों ने बताया कि जयपाल सिंह का नाती रिप्पू सिंह देर रात एक गाड़ी से आता था और कुछ सामग्री रखकर लौट जाता था। घटना के बाद से रिप्पू सिंह फरार है। पुलिस को तलाशी के दौरान मौके से कई केमिकल जार, मिक्सिंग मशीनें, सीलिंग उपकरण व औद्योगिक रासायनिक कंटेनर बरामद हुए। एक कंटेनर पर थियोनिल क्लोराइड लिखा मिला, जिसे अत्यंत ज्वलनशील और विषैला माना जाता है। फोरेंसिक विशेषज्ञों के अनुसार इसकी छोटी मात्रा भी आंख और फेफड़ों पर गंभीर प्रभाव डाल सकती है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी अवधेश प्रताप सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंचल नागर, डीएसपी ख्याति मिश्रा व फोरेंसिक विशेषज्ञ दल मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे परिसर को सील कर दिया गया है और बरामद रसायनों के सेंपल जांच के लिए लैब भेज दिए गए हैं। पुलिस ने कृषि विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड व फायर ब्रिगेड टीम को भी जांच में शामिल होने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि गैस का प्रभाव घातक नहीं है। लेकिन आसपास के क्षेत्र में सतर्कता बरतने की अपील की गई है। पुलिस को संदेह है कि यह मामला अवैध औद्योगिक रसायन उत्पादन, संभावित तस्करी या किसी बड़े रसायन आपूर्ति नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। मुख्य आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने एक विशेष टीम गठित की है।