उल्टी-दस्त से महिला व बच्चे की मौत, 11 ग्रामीण अस्पताल में भरती, पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम

 

सागर। एमपी के सागर स्थित ग्राम पडऱई देवरी आज एक महिला व बच्चे की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वहीं गांव के करीब 11 लोगों को उल्टी-दस्त होने के कारण अस्पताल पहुंचाया गया। गांव में उल्टी व दस्त होने की खबर मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची और मामले की जांच शुरू की। गांव के नलकूप और कुओं के पानी के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।                                      हालांकि महिला और बच्चे की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।

                         खबर है कि ग्राम पडऱई खुर्द निवासी कुछ लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ हुई। परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। इसमें कुछ लोगों को उल्टी-दस्त की शिकायत थी। इस दौरान गांव की मनीषा यादव उम्र 30 वर्ष व बालक कृष्णा 5 वर्ष की मौत हो गई। मामले की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जिन्होने जांच के बाद सूरत सिंह यादव 38 वर्ष, काजल यादव 5 वर्ष, कार्तिक पूरन यादव 3 वर्ष, नीलेशर 15 वर्ष, हुकूम यादव 95 वर्ष, लक्ष्मी यादव 25 वर्ष, कल्पना यादव 25 वर्ष सहित अन्य को अस्पताल पहुंचाया गया। मामले में स्वास्थ्य विभाग की टीम लोगों के बीमार पडऩे के कारणों की जांच कर रही है। मरीजों का कहना है कि वे रविवार को मजदूरी करने दूसरे गांव गए थे। जहां खेत के कुएं का पानी पिया था। घर आने के बाद सभी लोगों की तबीयत खराब हो गई।

गांव में सभी लोगों की जांच कर रही स्वास्थ्य विभाग की टीम- 

मामले को लेकर कलेक्टर संदीप जीआर ने निर्देश देते हुए कहा कि सभी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी लगातार कैंप लगाकर सभी ग्राम वासियों की जांच करें। आवश्यक उपचार प्रदान करें। आवश्यकता पडऩे पर जिला चिकित्सालय और बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में लाकर पूर्ण रूप से इलाज कराएं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

ग्रामीणों को जांच के बाद दवाएं वितरित की गई- 

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ ममता तिमोरी ने बताया कि सूचना प्राप्त होते ही डॉक्टर पैरामेडिकल की टीम का गठन कर तत्काल संबंधित ग्राम में पहुंची। ग्राम वासियों की जांच शुरू की। अभी सभी ग्रामवासियों की स्थिति सामान्य और नियंत्रण में है। आवश्यक दवाओं का वितरण भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह शिविर लगातार ग्राम में मौजूद रहेगा।


Post a Comment

Previous Post Next Post