khabar abhi tak

दिल्ली में लाल किले के पास आतंकी हमला, बम धमाके में 10 की मौत, 30 लोग गंभीर

नई दिल्ली. देश की राजधानी दिल्ली सोमवार 10 नवम्बर की देर शाम एक बड़े धमाके से दहल उठी। यह भीषण घटना लाल किले के पास हुई, जहां मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास खड़ी एक कार में जोरदार धमाका हो गया। 

इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई और 30 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।  धमाका होते ही कार में भीषण आग लग गई, जिसने तेजी से पास खड़ी दो अन्य कारों को भी अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते तीनों गाडिय़ां धू-धू कर जलकर खाक हो गईं।

इलाके में दहशत

यह घटना लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास हुई, जो एक बेहद भीड़भाड़ वाला इलाका है। शाम के वक्त यहां काफी भीड़ रहती है। धमाके की आवाज से पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकल की 5 गाडिय़ों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने तुरंत बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को नजदीकी एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया है।

क्या बोला फायर डिपार्टमेंट?

इस हादसे पर दिल्ली फायर डिपार्टमेंट (दिल्ली अग्निशमन विभाग) ने बड़ी जानकारी दी है। विभाग की ओर से बताया गया, लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास एक कार में विस्फोट होने की सूचना मिली थी। इसके बाद 3 से 4 वाहनों में भी आग लग गई और उन्हें भारी नुकसान पहुंचा है।

धमाके से हिल गए थे घर

इस ब्लास्ट को लेकर एक चश्मदीद ने बताया कि धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के घर हिल गए। इतना ही नहीं, घटनास्थल के आसपास की दुकानों के शीशे तक टूट गए। चश्मदीद के मुताबिक, लोग दहशत में आ गए। इससे पहले कि हम लोग कुछ समझ पाते, जिस कार में ब्लास्ट हुआ था, वह और उसकी चपेट में आई अन्य कारें आग का गोला बन चुकी थीं।

जांच जारी

पुलिस के आला आधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और हर एंगल से जांच जारी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह ब्लास्ट कार में सीएनजी लीक होने के चलते हुआ या इसके पीछे कोई और वजह है। जांच एजेंसियां मौके से सबूत जुटा रही हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak