ट्राला के कुचलने से मासूम बच्चे की मौत, माता, पिता, बुआ गंभीर, एक ही मोटर साइकल पर सवार थे..!
byKhabarAbhiTak-
0
कटनी। एमपी के कटनी स्थित बहोरीबंद-सलैया रोड पर दर्दनाक हादसा हुआ है, यहां पर एक ही मोटर साइकल पर सवार चार लोगों को ट्राला ने टक्कर मारकर कुचल दिया। हादसे में पांच साल के बच्चे की मौत हो गई। वहीं माता-पिता व बुआ के शरीर पर गंभीर चोटें आई है। जिन्हे उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंंचाया गया। जहां पर तीनों की हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार सिहोरा के ग्राम गौरहा भिटोनी निवासी जगदेव यादव उम्र 30 वर्ष अपनी पत्नी रामप्यारी 32 वर्ष, बहन अंजोबाई 45 वर्ष व बेटा मानव यादव 5 वर्ष को मोटर साइकल में बिठाकर ग्राम सांडा में रिश्तेदार के घर गए थे। जहां से चारों अपने घर गृह ग्राम गौरहा भिटोनी के लिए रवाना हुए। जब वे बहोरीबंद-सलैया रोड से आगे बढ़ रहे थे। इस दौरान सामने से आए ट्राला ने मोटर साइकल को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही चारों मोटर साइकल सहित सामने की ओर गिरे। बच्चा मानव ट्राला के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीनों ट्राला में फंसकर घिसट गए। हादसे को देख लोगों में चीख पुकार मच गई। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जगदेव, रामप्यारी व अंजो को खून से लथपथ हालत में उठाकर बहोरीबंद के अस्पताल पहुंचाया। जहां पर तीनों की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद कटनी के जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना के बाद इस रोड पर जाम के हालात निर्मित हो गए थे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाया, इसके बाद यातायात शुरु हो सका। वहीं पुलिस ने आरोपी ट्राला के चालक की सरगर्मी से तलाश शुरु कर दी है।