दो दिन पहले जबलपुर से मुंबई किया गया था एयरलिफ्ट,सारा खर्च सरकार ने उठाया, हॉस्पिटल ने भी की मदद
जबलपुर। मात्र दो दिन की बच्ची का बेहद क्रिटिकल ऑपरेशन आखिरकार मुंबई के नारायणा हॉस्पिटल में सफलतापूर्वक हो गया। इस बच्ची को दो दिन पहले जबलपुर से मुंबई के लिए एयरलिफ्ट किया गया था। राष्ट्रीय बाल सुरक्षा योजना और पीएम श्री एम्बुलेंस योजना के जरिये बच्ची के इलाज का खर्च और एयर एम्बुलेन्स की व्यवस्था की गयी थी। बच्ची के इलाज में आये साढ़े चार लाख के खर्च में से तीन लाख की मदद नारायणा अस्पताल ने भी की। मध्य प्रदेश में पहली बार दो दिन की बच्ची को एयर लिफ्ट किया गया था।
-जुड़वा बच्चे हुए थे
सिहोरा निवासी सत्येंद्र दहिया की पत्नी ने सोमवार तीन नवंबर को जबलपुर स्थित एक निजी अस्पताल में जुड़वां बच्चों को जन्म दिया था। इसमें से एक लड़का व एक लड़की थी। बच्ची के दिल में बचपन से छेद था और उसे उपचार के लिए मुंबई स्थित नारायण अस्पताल भेजा जाना आवश्यक था। बच्ची के पिता ने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के जिला प्रबंधक सुभाष शुक्ला से संपर्क किया और बच्ची की स्थिति से अवगत करवाया। बच्ची के संबंध में जानकारी मिलने पर डॉ. संजय मिश्रा ने कागजी कार्यवाही पूर्ण की और बच्ची को बुधवार को एयरलिफ्ट कर मुंबई पहुंचा दिया था। नवजात बेटे की स्थिति सामान्य है।
