सिंचाई के लिए खेत गए किसान की हत्या, एक सप्ताह पहले पुणे से लौटा था

 दमोह। एमपी के दमोह स्थित ग्राम पुरेनहाऊ जबेरा में किसान बेनी प्रसाद कड़ेरे की उस वक्त हत्या कर दी गई, जब वह सिंचाई करने के लिए खेत गए थे। आज सुबह खेत में बेनीप्रसाद की खून से लथपथ लाश मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। 

                                  पुलिस के अनुसार ग्राम पुरेनहाऊ निवासी बेनीप्रसाद कड़ेरे उम्र 55 वर्ष पुणे में रहकर मजदूरी करते रहे। लेकिन खेती के कारण वे अपने गांव वापस आ जाते थे। करीब एक सप्ताह पहले बेनी प्रसाद अपने घर आ गए। इसके बाद से वे अपने खेत में सिंचाई कर रहे थे। बीती रात 8 बजे के लगभग बेनीप्रसाद खेत पहुंच गए। कुछ देर रात उनका बेटा अशोक अपने जीजा हीरालाल के साथ पिता को खाना देकर घर आ गए। देर रात बेनीप्रसाद की अज्ञात तत्वों ने धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। आज सुबह अशोक अपने जीजा के साथ दोबारा खेत में पानी देने पहुंचे, इस दौरान अशोक ने पिता बेनीप्रसाद को आवाज लगाई लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। झोपड़ी में जाकर देखा तो बेनी प्रसाद की लाश खाट के नीचे खून से लथपथ पड़ा थी। उनके सिर, गर्दन व मुंह पर धारदार हथियार से वार के गहरे घाव थे। सूचना मिलते ही जबेरा थाना प्रभारी विकास सिंह चौहान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। एसडीओपी देवी सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

Post a Comment

Previous Post Next Post