khabar abhi tak

ग्वारीघाट–तिलहरी रोड को मिली हरी झंडी, 64 करोड़ से बदल जाएगी यातायात तस्वीर


ग्वारीघाट–तिलहरी मार्ग को मिली प्रशासनिक स्वीकृति, 64 करोड़ से बनेगी 5.5 किमी लंबी 2-लेन सड़क, मार्ग में रेलवे ओवरब्रिज भी शामिल

जबलपुर। ग्वारीघाट क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही ट्रैफिक जाम की समस्या अब जल्द ही समाप्त होने की उम्मीद है। लोक निर्माण मंत्री  राकेश सिंह ने ग्वारीघाट मुक्तिधाम से तिलहरी तक बनने वाली दो लेन की नई सड़क परियोजना को प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है। यह सड़क लगभग 5.5 किलोमीटर लंबी होगी और इसके निर्माण में 64 करोड़ रुपये की लागत आएगी। मार्ग के बीच एक रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिससे यातायात और सुगम हो सकेगा। मंत्री श्री सिंह ने बताया कि माँ नर्मदा का ग्वारीघाट तट आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि जबलपुर की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान का महत्वपूर्ण भाग है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहाँ आते हैं, विशेषकर पर्वों और नर्मदा प्रकट्योत्सव के समय भारी भीड़ जमा होती है। ग्वारीघाट जाने के लिए एक ही मुख्य मार्ग होने के कारण गंभीर ट्रैफिक जाम की समस्या उत्पन्न होती है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए वैकल्पिक एवं विकसित मार्ग का निर्माण आवश्यक था।

एनएच-12 से सीधे जुड़ सकेंगे

पीडब्ल्यूडी मंत्री ने बताया कि झंडा चौक से ग्वारीघाट मुक्तिधाम तक की सड़क पहले ही स्वीकृत हो चुकी है और उसका निर्माण कार्य प्रगति पर है। अब इस मार्ग को आगे बढ़ाते हुए तिलहरी तक दो लेन सड़क का निर्माण कराया जाएगा। नया मार्ग ग्वारीघाट मुक्तिधाम से शुरू होकर भटोली मार्ग से होते हुए तिलहरी में एनएच-12 (जबलपुर–मंडला मार्ग) से जुड़ेगा। श्री सिंह के अनुसार, यह सड़क जबलपुर के पेंटीनाका, बिलहरी, तिलहरी, गौर और बरेला जैसे विकसित क्षेत्रों से ग्वारीघाट आने वाले श्रद्धालुओं को एक सीधा, सुरक्षित और तेज मार्ग उपलब्ध कराएगी। इसके साथ ही यह सड़क शहर में बन रही देश की दूसरी सबसे बड़ी रिंग रोड परियोजना को भी जोड़ने का कार्य करेगी, जिससे भविष्य में यातायात दबाव और कम होगा। मंत्री श्री सिंह ने बताया कि जबलपुर में घाटों का विकास सरयू मॉडल पर किया जा रहा है। जिलहरी घाट से खारीघाट तक के घाटों को आधुनिक स्वरूप देने की योजना तैयार है। नई सड़क बनने के बाद इन सुंदर घाटों तक पहुंचना स्थानीय नागरिकों और बाहरी श्रद्धालुओं के लिए और भी आसान हो जाएगा।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak