khabar abhi tak

ट्रेलर-टेम्पो की जबरदस्त भिड़ंत, रामदेवरा जा रहे 6 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

जोधपुर. राजस्थान के जोधपुर जिले में बालेसर के पास आज 16 नवम्बर रविवार तड़के एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें 6 लोगों की जान चली गई और 14 अन्य घायल हो गए। 

बालेसर थानाधिकारी मूलसिंह भाटी के अनुसार खारी बेरी गांव के निकट सुबह लगभग 5 बजे अनाज की बोरियों से भरे एक ट्रेलर और गुजरात से रामदेवरा जा रहे श्रद्धालुओं से भरे टेंपो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के तुरंत बाद 3 महिलाओं की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जिनके शव बालेसर अस्पताल में सुरक्षित रखे गए हैं। अन्य घायलों को प्रारंभिक उपचार के बाद मथुरादास माथुर अस्पताल रेफर किया गया, जहां पहुंचने पर तीन और व्यक्तियों ने दम तोड़ दिया।

टेंपो में कुल 20 श्रद्धालु सवार थे, जो गुजरात के बनासकांठा और धनसुरा क्षेत्रों से रामदेवरा दर्शन के लिए जा रहे थे। एमडीएम अस्पताल ले जाते समय 3 वर्षीय नव्या, 40 वर्षीय भूपत सिंह और 60 वर्षीय काशिया बाई की मौत हो गई। मौके पर दम तोड़ चुकी तीन महिलाओं की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है।

बालेसर से एमडीएम भेजे गए 17 घायलों में से तीन की मृत्यु के बाद 14 घायलों का मथुरादास माथुर अस्पताल में उपचार जारी है। अस्पताल अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित ने बताया कि कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। मृतकों के शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak