khabar abhi tak

चक्रवात दितवाह हुआ खतरनाक, 54 उड़ानें रद्द, रेल सेवाएं बाधित, भारत की ओर तेजी से बढ़ रहा

चेन्नई. श्रीलंका में भारी तबाही मचाने के बाद चक्रवात दितवाह अब भारत की ओर तेजी से बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी में अलर्ट जारी किया है। तटीय जिलों में तेज हवाओं और भारी बारिश की आशंका जताई गई है, जिसके चलते प्रशासन हाई अलर्ट पर है।

चेन्नई एयरपोर्ट पर 54 उड़ानें रद्द

चक्रवात के खतरे को देखते हुए चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने 54 फ्लाइट्स रद्द कर दी हैं। वहीं, तमिलनाडु में रेल संचालन भी प्रभावित हुआ है। सदर्न रेलवे ने कई ट्रेनों के समय में बदलाव किए हैं और आपात स्थिति से निपटने के लिए वॉर रूम सक्रिय कर दिया है।

समुद्र किनारे जाने पर रोक

पुडुचेरी और तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों में दितवाह का प्रभाव दिखने लगा है। तेज हवाओं के साथ समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं। प्रशासन ने लोगों से समुद्र किनारे न जाने की अपील की है। सख्त सुरक्षा तैयारियों के तहत तमिलनाडु में डीआरएफ और एसडीआरएफ की 28 टीमें तैनात की गई हैं। इसके अलावा एनडीआरएफ की 5 टीमें ड्यूटी पर हैं।

आईएमडी ने दिया ताजा अपडेट

आईएमडी के अनुसार, चक्रवात दितवाह वर्तमान में दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में सक्रिय है और तमिलनाडु-पुडुचेरी तटों के समानांतर उत्तर दिशा में आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि तूफान अगले 24 घंटों तक इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए 30 नवंबर की सुबह और शाम के बीच तट के सबसे नजदीक पहुंच जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak